समाचार (Muzaffarnagar News)
मुजफ्फरनगर। थाना नई मण्डी कोतवाली के सिसौना राजवाहे के पास हुई पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़।
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) । पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान दो घायल सहित कुल पांच बदमाशों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
पकड़े गए बदमाश गांजा तस्करी के काम में संलिप्त बताये जा रहे हैं बदमाशों के पास से भारी मात्रा में गांजा (नशीला पदार्थ) तीन तमंचे, जिंदा व् खोके कारतूस सहित एक पिकअप और करेटा कार भी बरामद की गई है मौके पर पहुंचे सीओ नई मंडी राजू कुमार की माने तो पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध वाहन व् व्यक्तियों की चेकिंग एवं तलाशी अभियान में लगी थी जहां पुलिस ने जब दो वाहनों को आता देख रोकने का इशारा किया तो कार सवारों ने पुलिस टीम पर फायर झोंक राजवाहे के रास्ते भगाने का प्रयास किया ।
यहां जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने जब घेराबंदी की तो बदमाशों ने जंगल के रास्ते फरार होने के चलते पुलिस पर फिर से फायर किए इस जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी जब गोली चलाई तो दो बदमाशों को पुलिस की गोली जा लगी तथा तीन अन्य बदमाशों को पुलिस ने जंगल की घेराबंटी करते हुए दबोचने में सफलता हासिल की है।
सीओ नई मंडी राजू कुमार साव् ने बताया कि जहां घायलों व अन्य पकड़े गए बदमाशों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा जा रहा है तो वहीं मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई भी की जा रही है।
श्री श्यामा श्याम मंदिर में कथा
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) । श्री श्यामा श्याम मंदिर में आज कथा व्यास गंगोत्री तिवारी मृदुल महाराज ने बताया प्राचीन काल में तुंगभद्रा नदी के किनारे आत्मदेव नामक एक ब्राह्मण अपनी पत्नी धुन्धुली के साथ रहते थे। आत्मदेव धर्म कर्म वाले पर धुन्धुली झगड़ालू स्वभाव की थी। घर में सब कुछ था पर वे निसंतान थे, इसलिए आत्मदेव दुखी रहते थे। एक संन्यासी से रोते हुए अपना दुख सुनाया संतान न होने के कारण मै दुखी होकर अब प्राण त्यागने आया हूँ। संन्यासी को दया आई और उन्होंने कहा, ष्कर्म का फल भोगना पड़ता है। तुम पुत्र की कामना त्याग दो। लेकिन ब्राह्मण नहीं माने। तब संन्यासी ने उन्हें एक फल देकर कहा, इसे अपनी पत्नी को खिला देना। अगर वह एक साल तक सत्य व्रत पूजा पाठ नियम का पालन करेगी तो पुत्र प्राप्ति हो जाएगी। ब्राह्मण फल लेकर घर गए और अपनी पत्नी को सब कुछ बताकर फल दे दिया। लेकिन धुन्धुली कुटिल स्वभाव की थी और वह संतान नहीं चाहती थी। धुन्धुली रोते हुए अपनी सखी को बताया सखी ने उसको फल ना खाने की सलाह दिया धुन्धुली ने फल नहीं खाया और झूठ बोल दिया। एक दिन उसकी बहन उससे मिलने आई और उसने अपना सारा हाल सुनाया। बहन गर्भवती थी और उसने समझाया, जब मेरा बच्चा होगा तो चुपचाप तुम्हें दे दूंगी यह फल गाय को खिला दो धुन्धुली ने वैसा ही किया। कुछ समय पश्चात बहन को पुत्र हुआउसने अपना पुत्र धुन्धुली को दे दिया। आत्मदेव बहुत प्रसन्न हुए और उस बच्चे का नाम धुन्धुकारी रखा गया। तीन महीने बाद गाय ने भी एक मनुष्य आकार का बच्चा पैदा किया, जिसका कान गाय के जैसा था। वह बहुत सुंदर और सुवर्ण के समान कांति वाला था। आत्मदेव को बहुत खुशी हुई और उन्होंने बच्चे का जातक संस्कार कर उसका नाम गोकर्ण रखा। समय बीतने पर वे दोनों बालक जवान हो गए। गोकर्ण बड़ा पण्डित और ज्ञानी हुआ, लेकिन धुन्धुकारी बड़ा ही दुष्ट निकला। धुन्धुकारी चोरी करता और सब लोगों से गलत व्यवहार करता था पिता की सारी संपत्ति नष्ट कर दी। आत्मदेव वन में ईश्वर की तपस्या को चले गए धुंधकारी के गलत मित्रों ने उसको मार दिया धुंधकारी प्रेत योनि को प्राप्त हुआ गोकर्ण ने गया वी अन्य तीर्थ में उसका श्राद्ध किया परंतु धुंधली की प्रेत आत्मा गोकर्ण को परेशान करने लगी गोकर्ण ने सूर्य भगवान की स्तुति की सूर्य भगवान ने उसको श्री भागवत कथा के द्वारा ही मुक्ति का रास्ता बताया।धुंधकारी कि आत्मा ने भी भागवत कथा सुनी श्री भागवत कथा सुन धुंधकारी कि पापी आत्मा का उद्धार हुआ, पृथ्वी पर जो भागवत कथा नहीं सुनता उसका जीवन निरर्थक है आज ललित अग्रवाल हरीश गोयल
पंडित हंसराज भारद्वाज, डॉ श्रीपाल, डॉ वेदपाल, मांगेराम शर्मा, रोहित शर्मा,अमित नायक संजय शर्मा का सहयोग रहा।
कांग्रेस की नौजवान-किसान बचाओ यात्रा गांव ककराला पहुंची
मोरना। सहारनपुर से शुरू हुई कांग्रेस की नौजवान-किसान बचाओ यात्रा गांव ककराला पहुंची, जिसमें कांग्रेसियों ने भाजपा सरकार पर नौजवान और किसान विरोधी नीतियां अपनाने का आरोप लगाते हुए जमकर नारे बाजी की। यात्रा मोरना होते हुए गांव भेडाहेडी स्थित विजय फार्म हाउस सभा स्थल पर पहुंची। क्षेत्र के विभिन्न गांवों से अनेक कार्यकर्ता ट्रैक्टर-ट्रालियों में सवार होकर पहुंचे।
सभा में किसान कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव शीतल मान ने कहा कि सरकार ने अमेरिका के साथ व्यापारिक समझौता करके बाजार को अमेरिकी किसानों के लिए खोला है, इससे देश के किसानों की रीढ़ टूट जाएगी। सभा में प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज चैधरी ने कहा कि अग्ननीवीर योजना युवाओं के हित में नही है इसलिए इसे तत्काल बंद किया जाना चाहिए। सभा में यूथ कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी विशाल चैधरी ने कहा कि किसानों और युवाओं समेत सभी वर्गों की समस्याओं को उठाने के लिए संघर्ष करते रहेंगे और यह संघर्ष सभी को न्याय मिलने तक जारी रहेगा। सभा में यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पारस शुक्ला ने कहा कि भाजपा सरकार देश में धर्म और जाति के नाम पर जिस तरह काम कर रही है, वह घोर निंदनीय है। सभा में संयोजक मनोज चैधरी, कांग्रेस जिला अध्यक्ष सतपाल कटारिया, किसान कांग्रेस के जिलाध्यक्ष राजीव राठी, अवनीश काजला, डा. संजीव शर्मा, असजद अली ने संबोधित किया। सभा की अध्यक्षता आकिल राणा ने की।
गर्मी से अभी नहीं मिली राहत
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) । गत दिनों आई आंधी और बारिश से राहत अल्पकालिक साबित हुई है। एक बार फिर भीषण गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। शनिवार को तापमान तेजी से बढ़कर 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि उमस और चिलचिलाती धूप के कारण यह 41 डिग्री सेल्सियस जैसा महसूस हुआ। दोपहर के समय शहर के सबसे व्यस्त माने जाने वाले शिव चैक पर भी सन्नाटा पसरा नजर आया। जहां सामान्यतः वाहनों और लोगों की भारी भीड़ रहती है, वहीं तपती गर्मी के चलते इक्का-दुक्का वाहन ही सड़कों पर दिखाई दिए। बाजारों में भी रौनक कम रही और लोग केवल आवश्यक कार्य होने पर ही घरों से बाहर निकले।
गर्मी से बचाव के लिए लोग विभिन्न उपाय करते दिखे। कई लोग सिर पर कपड़ा या गमछा रखकर निकले, तो कुछ चेहरे को मास्क या दुपट्टे से ढककर धूप से बचाव कर रहे थे। आंखों को तेज धूप से बचाने के लिए चश्मे का उपयोग किया जा रहा था। युवतियां विशेष रूप से अपने चेहरे को पूरी तरह कपड़े से ढककर घर से बाहर निकल रही थीं, ताकि धूप और लू के प्रभाव से बचा जा सके।
हालांकि, दोपहर ढलने के बाद चली हल्की हवाओं ने लोगों को थोड़ी राहत दी। लेकिन दिनभर की तपिश ने जनजीवन को खासा प्रभावित किया। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी की संभावना है, जिससे गर्मी का असर और तेज हो सकता है। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने और धूप में निकलने से बचने की सलाह दी जा रही है।
देवराना कट के पास एक तेज रफ्तार बाइक सवार की कार से जोरदार टक्कर
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) । पुलिस अधीक्षक नगर मुजफ्फरनगर श्री अमृत जैन क्षेत्र में भ्रमण एवं कानून-व्यवस्था का जायजा ले रहे थे। इसी दौरान देवराना कट के पास एक तेज रफ्तार बाइक सवार की कार से जोरदार टक्कर हो गई, जिससे बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गये।
घटना को देखकर पुलिस अधीक्षक नगर ने बिना समय गंवाए तत्काल अपनी गाड़ी रुकवाई और स्वयं मौके पर पहुंचकर घायल व्यक्तियों का हाल जाना। उन्होंने न केवल स्थिति का जायजा लिया, बल्कि घायलों को मानसिक रूप से भी ढांढस बंधाया। मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए पुलिस अधीक्षक नगर महोदय ने तुरंत अपनी स्कॉर्ट वाहन की सहायता से घायलों को बेगराजपुर मेडिकल कॉलेज भिजवाया, ताकि उन्हे समय रहते उचित उपचार मिल सके।
यह सराहनीय कार्य पुलिस की संवेदनशील और जनसेवा के प्रति समर्पित छवि को दर्शाता है। ऐसे कार्य न केवल आमजन में विश्वास बढ़ाते हैं, बल्कि यह भी संदेश देते हैं कि पुलिस हर परिस्थिति में जनता के साथ खड़ी है।
महत्वपूर्ण बैठक में पुलिस ने हिस्ट्रीशीटरों को स्पष्ट संदेश दिया
जानसठ। सिखेड़ा थाना परिसर में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में पुलिस ने हिस्ट्रीशीटरों को स्पष्ट संदेश दिया कि अब अपराध की राह पर लौटने की कोई गुंजाइश नहीं है। थाना प्रभारी ने सख्त लहजे में कहा कि यदि कोई भी व्यक्ति दोबारा आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त पाया गया, तो उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बैठक का उद्देश्य क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत करना और सामाजिक शांति बनाए रखना था।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे थाना प्रभारी विजय कुमार सिंह ने सभी हिस्ट्रीशीटरों को अपराध से पूरी तरह दूर रहने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रत्येक गतिविधि पर नजर रखे हुए है और किसी भी प्रकार की गैरकानूनी हरकत को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इंस्पेक्टर ने उपस्थित लोगों से समाज की मुख्यधारा में शामिल होकर सम्मानजनक और शांतिपूर्ण जीवन जीने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को अपने जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का अवसर मिलता है और इसका लाभ उठाकर समाज में रचनात्मक भूमिका निभानी चाहिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में शांति भंग करने या कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाली किसी भी गतिविधि पर पुलिस की पैनी नजर है। यदि कोई व्यक्ति दोबारा अपराध की ओर बढ़ता है, तो उसके खिलाफ तत्काल और सख्त कार्रवाई की जाएगी।
थाना प्रभारी ने बताया पुलिस क्षेत्र में लगातार निगरानी अभियान चला रही है। संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है ताकि किसी भी संभावित आपराधिक घटना को समय रहते रोका जा सके।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि समाज में शांति और सौहार्द बनाए रखने में हर नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। विशेष रूप से वे लोग, जो पहले आपराधिक गतिविधियों से जुड़े रहे हैं, अब सकारात्मक योगदान देकर सामाजिक सद्भाव को मजबूत कर सकते हैं।
बैठक में इंस्पेक्टर क्राइम लोकेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक अरुण कुमार, संदीप कुमार और राजकुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों ने हिस्ट्रीशीटरों को कानून का पालन करने और समाज में सकारात्मक भूमिका निभाने का संदेश दिया।
पदाधिकारियों की बैठक संपन्न
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) । भारतीय योग संस्थान के निशुल्क योग साधना केंद्र ग्रीनलैंड मॉडर्न जूनियर हाई स्कूल मुजफ्फरनगर में संस्थान के समस्त पदाधिकारीयों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का एजेंडा संगठन को मजबूत करना तथा पंचवर्षीय चुनाव पर विचार विमर्श करना मुख्य रहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता सहदेव सिंह आर्य ने की।
बैठक में सभी पदाधिकारीयों ने अपने-अपने विचार व्यक्त किये जिसमें मुख्य रूप से जिला प्रधान राज सिंह पुंडीर ने बताया कि कलयुगे संघे शक्ति अर्थात कलयुग में संगठन में ही शक्ति होती है। इसलिए संगठन को मजबूत रखना संस्थान के दिशा निर्देशों का पालन करना हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए। जिला संगठन मंत्री डॉ अमित कुमार ने बताया कि भारतीय योग संस्थान देश और विदेश में निशुल्क योग का प्रचार प्रसार कर लोगों को स्वास्थ्य प्रदान कर रहा है। डॉक्टर जीत सिंह तोमर ने बताया कि सभी केंद्रों पर संस्थान के निर्देशानुसार साधना होनी चाहिए जिसके लिए समय-समय पर दक्षता क्लास का आयोजन किया जाना अनिवार्य है। प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं जनपद प्रभारी योगाचार्य सुरेंद्र पाल सिंह आर्य ने बताया कि भारतीय योग संस्थान एक ऐसी अंगूठी संस्था है जो सर्वे भवन्तु सुखिनः सर्वे संतु निरामया तथा वसुधैव कुटुंभ्कम के सिद्धांतों को अपनाकर मानव हित का कार्य कर रही है इसलिए हम सब का दायित्व है कि हम भी इस सेवा में अपना योगदान प्रदान कर संस्थान को आगे बढ़ाने में सहयोग प्रदान करें। उन्होंने बताया कि चुनाव में भाग लेने हेतु प्रत्येक केंद्र प्रमुख तथा मुख्य कार्यकर्ता को घ्60 सदस्यता शुल्क जमा करवाना है। ताकि चुनाव की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा सके। उन्होंने सभी अधिकारियों, केंद्र प्रमुखों एवं कार्यकर्ताओं से अपील की कि जो भी कार्यकर्ता या अधिकारी सेवा के काम में सहयोग करना चाहता है वह ही आगे आए क्योंकि संस्थान का नियम है कि अधिकारी वह है जो अधिक काम करें अर्थात संस्थान के लिए तन, मन और धन से समर्पित हो तथा जिसके पास पर्याप्त समय भी हो। केवल पद लेकर बैठना और कार्य न करना संस्थान के प्रति बेइमानी होगी। अंत में अध्यक्ष श्री सहदेव सिंह आर्य ने कहा कि हम सब संस्थान के सिपाही के रूप में आपके साथ तन, मन और धन से कार्य करने हेतु तैयार हैं। यह ईश्वरीय कार्य है। मानव सेवा ही ईश्वर की सेवा है और ईश्वर सेवा का अवसर सबको नहीं देता है वह व्यक्ति सौभाग्यशाली है जिसको सेवा का मौका मिलता है। इस अवसर पर मुख्य रूप से रामपाल शर्मा,आचार्य रामकिशन सुमन, कुलदीप मित्तल,अशोक मित्तल, चैधरी रतन सिंह,लौकिन्द्र मलिक, धर्मेंद्र प्रधान नीरज बंसल, कविंद्र बालियान, क्षेत्रीय प्रधान राजीव रघुवंशी , केंद्र प्रमुख ब्रजेश कुमार रूहेला आदि ने बैठक को संबोधित किया। अंत में सभी को देसी गाय की छाछ और गुड का प्रसाद वितरण किया गया।
मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने किया निर्माणाधीन रेलवे अंडरपास का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण, समयबद्ध पूर्णता के दिए सख्त निर्देश
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) । आज प्रदेश सरकार में स्वतंत्र प्रभार मंत्री एवं नगर विधायक कपिल देव अग्रवाल ने सरकुलर रोड स्थित चैधरी चरण सिंह चैक से श्री राम कॉलेज तक निर्माणाधीन रेलवे अंडरपास का अधिकारियों एवं स्थानीय नागरिकों के साथ विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने परियोजना की प्रगति, निर्माण कार्य की गुणवत्ता, तकनीकी मानकों के अनुपालन तथा निर्धारित समयसीमा की स्थिति का गहन एवं सूक्ष्म परीक्षण किया। उन्होंने मौके पर उपस्थित रेलवे एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों से कार्य की अद्यतन जानकारी प्राप्त करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनसुविधा से सीधे जुड़े इस महत्वपूर्ण परियोजना में किसी भी प्रकार की लापरवाही, शिथिलता अथवा अनावश्यक विलंब कदापि स्वीकार्य नहीं होगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य को तीव्र गति से पूर्ण किया जाए तथा गुणवत्ता के उच्चतम मानकों का पूर्णतः पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि निर्धारित समयसीमा के भीतर परियोजना को पूर्ण कर आमजन को शीघ्र राहत प्रदान की जा सके। उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिए कि निर्माण कार्य के दौरान सभी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन किया जाए तथा आमजन, विशेषकर स्कूल एवं कॉलेज के विद्यार्थियों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े, इसके लिए समुचित एवं प्रभावी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। मंत्री कपिल देव ने कहा कि यह अंडरपास क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, जाम की समस्या से स्थायी राहत दिलाने एवं आवागमन को अधिक सुरक्षित एवं सुगम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने पुनः दोहराया कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार जनहित और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। इसी क्रम में सभी विकास परियोजनाओं की सतत निगरानी की जा रही है, ताकि कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता और गति सुनिश्चित करते हुए जनता को शीघ्र एवं दीर्घकालिक लाभ प्रदान किया जा सके।
13 केंद्रों पर छह हजार अभ्यर्थी देंगे नीट परीक्षा
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) । जनपद में आज नीट की परीक्षा का आयोजन होगा। नीट परीक्षा को लेकर जनपद में सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस बड़ी और महत्वपूर्ण परीक्षा के संचालन के लिए केंद्रीय विद्यालय की प्रधानाचार्या अंशु त्यागी को नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नोडल अधिकारी अंशु त्यागी ने बताया कि मुजफ्फरनगर में परीक्षा के सफल आयोजन के लिए कुल 13 केंद्र बनाए गए हैं। इनमें राजकीय इंटर कॉलेज भी इस सूची में शामिल है। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने बताया कि परीक्षा में मुजफ्फरनगर के केंद्रों पर कुल छह हजार अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। यह परीक्षा एक ही पाली में संपन्न होगी। अभ्यर्थियों की सुविधा और परीक्षा के नियमों को ध्यान में रखते हुए परीक्षा का समय दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित किया गया है। सभी छात्रों को समय से पहले परीक्षा केंद्र पर रिपोर्ट करने की सलाह दी गई है।


