समाचार
पुलिस ने कई शातिरों को दबौचा
मुजफ्फरनगर। थाना कोतवाली नगर प्र्रभारी निरीक्षक योगेश शर्मा द्वारा वॉछित अभियुक्त नौशाद पुत्र मकसूद निवासी खालसा पट्टी सुजडू थाना कोतवाली नगर मुजफ्फरनगर को शामली बाईपास रोड के पास से गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त के कब्जे से आलाक्तल 01 दुपट्टा बरामद किया गया। इसके अलावा क्राईम ब्रान्च/साईबर सेल निरीक्षक संजीव भटनागर द्वारा वांछित अभियुक्त अरमान मलिक उर्फ नूर मौहम्मद पुत्र मौहम्मद यासीन निवासी नई आबादी थाना खतौली मुजफ्फरनगर को नहर पुल खतौली से गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा थाना बुढाना पर नियुक्त व0उ0नि0 लेखराज सिंह द्वारा गैंगस्टर अधि0(थाना रतनपुरी जनपद मुजफ्फरनगर पर पंजीकृत) में वांछित अभियुक्त आकिल पुत्र सत्तार निवासी रसुलपुर दभेडी थाना बुढाना मुजफ्फरनगर को खतौली बस अडडे से गिरफ्तार किया गया।
कई को अवैध हथियार सहित गिरफ्तार किया
मुजफ्फरनगर। थाना रामराज पर नियुक्त उ0नि0 सत्यवीर सिंह द्वारा अभियुक्त प्रशान्त पुत्र यशपाल, रजत पुत्र विनोद निवासीगण पुट्ठी इब्राहिमपुर थाना रामराज मुजफ्फरनगर को जंगल ग्राम हासमपुर से गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त प्रशान्त उपरोक्त के कब्जे से 01 तमंचा मय 02 जिन्दा कारतूस 12 बोर एवं अभियुक्त रजत उपरोक्त के कब्जे से 03 जिन्दा कारतूस 315 बोर बरामद किये गये। वहीं थाना बुढाना पर नियुक्त उ0नि0 संजय कुमार द्वारा अभियुक्त दानिश पुत्र अय्यूब निवासी ग्राम बडकता थाना बुढाना मुजफ्फरनगर को कुरथल रोड के पास से गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त के कब्जे से 01 मस्कट मय 02 जिन्दा कारतूस 12 बोर बरामद किये गये।
सरकार के कदम की इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन ने की तारीफ
मुजफ्फरनगर। इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन की जनपदीय इकाई के ज्वाइंट सैकेट्री मनोज पुंण्डीर ने बताया कि गत रात्रि पूरे भारत के बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन की बैठक केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल के साथ हुई जिसमें देर रात्रि से भारत सरकार ने निर्णय लिया कि आगामी 16 जून से पूरे देश के 252 जिलों में सोने के आभूषणों की बिक्री हालमार्क की होगी। इस व्यवस्था से नामी ब्रांडेड कम्पनियों का एकाधिकार टूटेगा और आम सर्राफ और ज्वेर्ल्स को फायदा होगा और इसके अलावा सोने के आभूषण खरीदने वाले ग्राहकों को भी अच्छी चीज पहनने को मिलेगी। सर्राफा बाजार स्थित एसोसिएशन के कार्यालय पर पत्रकारों से वार्ता करते हुए मनोज पुण्डीर ने बताया कि उनकी एसोसिएशन का हैड आफिस मुम्बई में है और यह 1819 से संचालित है ज्वैलरी इंडस्ट्रीज पर गत रात्रि नया कानून लागू कर दिया गया है जो अभी फिलहाल 252 जनपदों में लागू हो गया है और धीरे धीरे व्यवस्था होने पर सीमान्त पहाडी एवं अन्य छोटे जिलों में भी यह लागू हो जायेगा। उन्होंने बताया कि अब से ग्राहकों को हॉलमार्क ज्वैल्री मिलेगी। गांव का दुकानदार हो या शहर का सभी दुकानदार अच्छी क्वालिटी का माल रखेंगे और इसके साथ ही ग्राहक कहीं से भी अपना माल खरीद सकेगा और कहीं भी बेच सकेगा। उन्होंने पत्रकारों को बताया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अभी तक 20 कैरेट की ज्वेल्री चलती थी जबकि सरकार इसे मान्यता नहीं देती थी। गत रात्रि की बैठक में 14, 18 व 22 के अलावा 20 और 23 कैरेट के सोने को भी मंजूरी दे दी गयी है। अभी तक यह माना जाता था कि 20 कैरेट का सोना मजबूती में सबसे आगे रहता है। उन्होंने बताया कि ग्राहक जिस समय अपने सोने के आभूषण वापस करता है तब प्रचलित मजदूरी के हिसाब से 10 से 15 प्रतिशत तक कटौती की जाती है यद्यपि मजदूरी की दरे हर संस्थान और हर जगह अलग अलग है। लेकिन उन्होंने कहा कि मजदूरी के रेट भी समान होने चाहिए ताकि ग्राहकों को इसका लाभ मिल सके। इस अवसर पर एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज जैन, सचिव मोहित गोयल, कोषाध्यक्ष विनय वर्मा, उपाध्यक्ष श्रेय गोयल, सुशील गर्ग, गोपाल कृष्ण सर्राफ, र्गौरव वर्मा, बिट्टन सर्राफ, मोहित गर्ग सहित सर्राफा एसोसिएशन के प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे।
सातवां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया
मुजफ्फरनगर। भारतीय योग संस्थान के निःशुल्क योग साधना केंद्र ग्रीन लैंड माडर्न जूनियर हाईस्कूल मुजफ्फरनगर में ७वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह को मनाए जाने की तैयारी को लेकर एक आवश्यक बैठक आयोजित की गई ।बैठक की अध्यक्षता संस्थान के जनपद प्रभारी एवं प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य योगाचार्य सुरेन्द्र पाल सिंह आर्य ने की।
इस अवसर पर जिला प्रधान राजसिह पुण्डीर ने बताया कि कोविड- १९ को ध्यान में रखते हुए ७वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह ग्रीन लैंड माडर्न जूनियर हाईस्कूल मुजफ्फरनगर के प्रांगण में मनाया जाएगा तथा नगर के बाकी साधक/ साधिकाओं को ऑनलाइन कार्यक्रम में शामिल किया जाएगा। उन्होंने सभी अधिकारियों को आयुष मन्त्रालय के कार्यक्रम के अनुसार आसन,प्राणायाम और ध्यान कराने की जिम्मेदारी सौंपी ।जिला मंत्री योगेश्वर दयाल ने संगठन की मजबूती पर बल दिया ।उन्होंने बताया कि किसी भी कार्य को सफल बनाने के लिए संगठन का मजबूत होना बहुत जरूरी है। क्षेत्रीय प्रथान (पूर्वी क्षेत्र) राजमोहन ने कहा कि संस्थान देश- विदेश में निःशुल्क योग की शिक्षा एवं प्रचार प्रसार का कार्य कर रहा है ।संस्थान के प्रचार प्रसार में संस्थान की विश्व प्रसिद्ध पत्रिका योग मंजरी का विशेष महत्व है ।अतः योग मंजरी के अधिक से अधिक सदस्य बनाकर घर घर योग का प्रचार करने में संस्थान का सहयोग करें। पश्चिमी क्षेत्र के क्षेत्रीय प्रथान राजीव रघुवंशी नेकहा कि कोविड -१९ के कारण पिछले वर्ष भी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को सूक्ष्म रूप से ही मनाया गया था। इस वर्ष ऑनलाइन के द्वारा ग्रीन लैंड माडर्न जूनियर हाईस्कूल मुजफ्फरनगर को आयोजन स्थल बनाकर भव्यता प्रदान करने का अच्छा प्रयास है ।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे योगाचार्य सुरेन्द्र पाल सिंह आर्य ने कहा कि जिन -जिन अधिकारियों व कार्यकर्ताओं को जिस जिस आसन व प्राणायाम को कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है वे अपनी पूरी तैयारी के साथ कार्यक्रम लेंगे ।इस कार्यक्रम में पूरे जिले से लोग ऑनलाइन के माध्यम से जुडेगें इसलिए हमने कार्यक्रम आम शिक्षक को न देकर अधिकारियों से ही कराने का निर्णय लिया ।कार्यक्रम में कुछ योगी नवयुवक योगासन का विशेष प्रदर्शन करेंगे।जो वास्तव में कार्क्रम को भव्यता प्रदान करेगा।अंत में क्षेत्रीय मंत्री तेजपाल जी के माता व पिता दोनों के आकस्मिक निधन पर दो मिनट का मौन धारण कर उनकी आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की गई।
वेक्सिनेशन कैम्प का आयोजन
मुजफ्फरनगर। जनपद के खाद्य विभाग द्वारा विभाग से सम्बंधित लोगो के लिए विशेष वेक्सिनेशन कैम्प का आयोजन किया गया। डीएम सेल्वा कुमारी जे ने फीता काटकर शिविर का शुभारंभ किया।
आज खाद्य तथा रसद विभाग उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश के क्रम में शहर के एक बैंकट हॉल में जिलाधिकारी सेल्वा कुमारी जे द्वारा समस्त डीजल, पेट्रोल, सीएनजी पम्पधारक एवं उनके कर्मचारियों एवं एलपीजी एजेन्सी धारक एवं उनके कर्मचारियों आदि को कोविड-१९ की वैक्सीन लगवाने के लिये अलग से एक स्पेशल वैक्सीनेशन कैम्प का आयोजन किया गया। इसका शुभारम्भ जिलाधिकारी सेल्वा कुमारी जे व सीडीओ आलोक यादव सीएमओ डॉ महावीर सिंह फौजदार ओर जिला पूर्ति अधिकारी बीके शुक्ला ने फीता काटकर किया। पेट्रोलियम संघ के पदाधिकारियों ने डीएम व सीडीओ ओर सीएमओ का फूलों का बुके देकर सम्मानित कर वेक्सिनेशन कैम्प का आयोजन कराने के लिए आभार प्रकट किया। कैम्प में जनपद मुजफ्फरनगर के समस्त डीजल, पेट्रोल, सीएनजी पम्प व गैस एजेन्सीधारक व उनके कर्मचारियों आदि को १८ वर्ष से ४४ साल के ऊपर निःशुल्क कोविड-१९ की वैक्सीन लगायी जा रही है। स्वास्थ्य विभाग मुजफ्फरनगर द्वारा इसके लिये विशेष टीम को नामित किया गया डीएम सेल्वा कुमारी जे व सीडीओ आलोक यादव ने जनपद मुजफ्फरनगर के समस्त डीजल व पेट्रोल, सीएनजी पम्पधारक एवं गैस एजेन्सीधारक एवं इनके कर्मचारियों से अनुरोध किया कि उनके लिये आयोजित इस विशेष वैक्सीनेशन कैम्प में सब लोग वेक्सिनेशन कराएं जिससे कोरोना से सभी को सुरक्षित किया जा सके। वैक्सीनेशन कैम्प में आने वाले सभी लोगों ने कोरोना सम्बन्धी समस्त गाइडलाइन मास्क का प्रयोग , सोशल डिस्टेंसिंग आदि का कड़ाई से अनुपालन किया। इस मौके पर डीएम सेल्वा कुमारी जे,सीडीओ आलोक यादव,सीएमओ डॉक्टर महावीर सिंह फौजदार, जिलापूर्ति अधिकारी बीके शुक्ला, यूनिसेफ से डॉ तरन्नुम व पेट्रोलियम संघ के अध्यक्ष अखिलेश गुप्ता सहित जिम्मेदार लोग मोजूद रहे।
क्षेत्रीय समाचार – आस-पास से
सफाई व्यवस्था दुरूस्त कराने की मांग
मुजफ्फरनगर। नगर के मौहल्ला रामलीला टिल्ला के नागरिको ने पालिका प्रशासन से कोविड-19 के मददेनजर सफाई व्यवस्था दुरूस्त कराने की मांग की। शहर कोतवाली क्षेत्र के मौहल्ला रामलीला टिल्ला निवासियो ने पालिका प्रशासन से मांग की है कि वैश्विक आपदा कोविड-19 के मददेनजर जन स्वास्थ्य के दृष्टिगत रामलीला टिल्ला व उसके आसपास सफाई व्यवस्था को दुरूस्त कराया जाए। सही सफाई व्यवस्था ना होने के कारण क्षेत्र मे कूडे के ैढेर लगे हुए है। जिनसे संक्रमण फैलने का भय बना हुआ है। अतः जनहित मे क्षेत्र मे साफ-सफाई एवं फोगिंग आदि करायी जानी चाहिए।
जन मानस की आत्मा की शान्ति के लिए हवन किया
मुजफ्फरनगर। व्यापारी सुरक्षा फोरम संस्थान मुजफ्फरनगर द्वारा आयोजित हवन में कोविड-१९ महामारी में दिवंगत व्यापारियों व जन मानस की आत्मा की शान्ति के लिए और इस महामारी को खत्म करने की प्रार्थना की गई।
व्यापारी सुरक्षा फोरम के सदस्यो द्वारा हवन यज्ञ तुलसी पार्क मे किया गया भगवान से प्रार्थना की गयी। संगठन के अध्यक्ष विश्वदीप गोयल बिट्टू ने बताया कि जिन व्यापारी साथियो की इस महामारी के चलते स्वर्गवास हुआ है, उनकी आत्मा को शान्ति मिले और उनके परिवारो को यह कष्ट सहन करने की शाक्ति प्रदान करे। इस मौके पर जिलाध्यक्ष विश्वदीप गोयल, महामंत्री राजकुमार रहेजा, उपाध्यक्ष मनोज गुप्ता, कृष्णापुरी प्रभारी शिव कुमार त्यागी सचिन अखिल सिंगल, संजय मिततल, कपिल सिंधी, दीपक शर्मा, हर्ष अरोरा, अरूण सपडा, सभासद अमित गोयल (बॉबी), प० मनसुख शर्मा और विरेन्द्र अरोरा आदि उपस्थित रहें।
युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या
मुजफ्फरनगर। अज्ञात कारणो के चलते एक युवक ने खुद को फांसी लगाकर आत्म हत्या कर ली। हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची ने मृतक की शिनाख्त कराकर उसके परिजनो को हादसे की जानकारी दी। युवक की मौत की खबर से परिजनो मे कोहराम मच गया। परिजन व ग्रामीण तुरन्त ही मुजफ्फरनगर के लिए चल दिए।
सूत्रो के अनुसार मीरापुर थाना क्षेत्र के निकटवर्ती गांव खेडी भुम्मा निवासी करीब 22 वर्षीय समीप पुत्र ईकबाल बढई का काम करता है। बताया जाता है कि युवक समीर अपने कुछ अन्य साथियो के साथ ठेकेदार के अधीन वसुंधरा कालोनी मे निर्माणाधीन मकान मे लकडी का काम कर रहा था। तथा ये लोग निर्माणाधीन मकान मे रहकर लकडी के खिडकी दरवाजे आदि बनाने का कार्य कर रहे थे। सूत्रो का कहना है कि बीती रात समीर व उसके कारपेन्टर दोस्त ने साथ खाना खाया। जिसके पश्चात ये दोनो युवक अलग-अलग कमरे मे सो गए। बताया जाता है कि आज सुबह जब समीर देर तक सोकर नही उठा तो उसका साथी चिन्तित हो गया तथा किसी अनहोनी के भय से वह बुरी तरह घबरा गया। युवक द्वारा शोर मचाने पर कुछ अन्य पडौसी भी मौके पर पहुंच गए। कालोनीवासियो ने जब कमरे का दरवाजा खोला तो कमरे के अन्दर का नजारा देखकर उनके होश फाख्ता हो गए। वहीं दूसरी और नागरिको की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मृतक के विषय मे जानकारी लेने के साथ उसके परिवारजनो को इसकी सूचना दी। युवक समीर की मौत की खबर मिलते ही उसके परिजनो मे कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन व ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने परिवारजनो की मौजूदगी मे पंचनामा भरकर शव को पोस्ट मार्टम के लिए मोर्चरी पर भिजवा दिया। पुलिस सूत्रो का कहना है कि पोस्ट मार्टम रिर्पोट के बाद ही इस सम्बन्ध मे कुछ कहा जा सकेगा। युवक की मौत से ग्रामीणो मे शोक छा गया।
एसआई ने जमीन पर बैठकर सुनी दिव्यांग की समस्या
मुजफ्फरनगर। एसएसपी कार्यालय पर आज एक नया पुलिस का चेहरा देखने को मिला जहां एक दिव्यांग की पीड़ा सुनने को एक एसआई दीपक चौधरी जमीन पर बैठकर दिव्यांग की समस्या सुनने लगा और उसकी समस्याओं का निवारण करने के लिए दिव्यांग को आश्वासन दिया और एसआई ने दिव्यांग को एसपी सिटी अर्पित विजयवर्गीय से दिव्यांग को मिलवाया जहां पर एसपी सिटी अर्पित विजयवर्गीय ने दिव्यांग की समस्या सुनकर उनका निवारण करने का आश्वासन दिया जनपद मुजफ्फरनगर पुलिस का ऐसा संवेदनशील ओर मानवीय चेहरा सामने आया है जहां पुलिस के अधिकारी जमीन पर बैठकर दिव्यांग की समस्या का निवारण कर रहे हैं और दिव्यांग भी पुलिस का आभार प्रकट कर रहे हैं दिव्यांग ने बताया कि मे छपार थाने का रहने वाला हूं और छपार थाने में मेरे उपर विपक्षियों ने मेरे विरुद्ध मुकदमा दर्ज करा दिया था जिसको लेकर आज मैं अपनी समस्या एसएसपी कार्यालय पर आया जहां एसआई ने जमीन पर बैठकर मेरी समस्या सुनी और उनका निवारण करने के लिए एसपी सिटी से मिलवाया।
डेढ साल से लापता पुत्र को पाकर नम हुई मां की आंखे
मुजफ्फरनगर। डेढ साल से लापता पुत्र मिला तो उसे कलेजे से लगाकर एक मां की आंखें खुशी से छलछला गईं।
बताया गया है कि गांव जड़ौदा बस स्टैंड के पास रहने वाली गरीब विधवा मोनिका का १५ वर्षीय पुत्र कृष्णा जिसका मानसिक संतुलन ठीक नही है। वह लगभग डेढ़ साल से लापता था। तभी से सपा नेता रिजवान कुरैशी पीड़ित परिजनो और ग्रामवासियों को साथ लेकर लापता कृष्णा की तलाश में लगे हुए थे। पुलिस को सूचना देते हुए उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट भी लिखवाई गई थी, परंतु कृष्णा का कोई सुराग नही लगा। बेटे के जाने से मां जो भीख मांग कर गुजारा करती है परेशान रहती थी जिनके घर की आर्थिक स्थिति बहुत खराब थी तीन बच्चों के भरण पोषण की भी चिंता थी जिसमे सपा नेता रिजवान कुरैशी ने अपनी और ग्रामवासियों की मदद से ५५०० रूपय एकत्र कर गरीब पीड़ित परिवार की सहायता की। कुछ दिन पहले सपा नेता रिजवान कुरैशी को राजस्थान में रहने वाले उनके परिचित ने कॉल करके सूचना दी की एक लडका जो तीन दिन से हमारे होटल के नजदीक घूम रहा था उससे पूछताछ करने पर अपना नाम कृष्णा गांव जड़ौदा जिला मुजफ्फरनगर बता रहा है। वह कई महीनो से वह राजस्थान में ही घूम रहा था और इधर उधर से मांग कर अपना पेट भर रहा था। रिजवान कुरैशी द्वारा ने अपने मित्र से फोटो मांगा कर उसकी पहचान कर परिजनों को खुशखबरी दी और अपने कुछ साथियों के साथ कृष्णा को राजस्थान से लेकर आए और परिजनों को सुपुर्द किया जिससे उसकी मां मोनिका बहुत खुश नजर आई और सपा नेता रिजवान कुरैशी और उनकी टीम को धन्यवाद दिया ।
बेजुबानों की सेवा से मिलता है सुख
मुजफ्फरनगर। कहते है बच्चे अपने बड़ो को देख कर सीखते है उन्हें वही करने की प्रेरणा मिलती है जो उनके अभिभावक करते है सबसे ज्यादा बच्चे मां से सीखते है इसका बेहतरीन उदाहरण है मुज्जफरनगर की प्रसिद्ध समाजसेवी साक्षी वेलफेयर ट्रस्ट की अध्यक्ष क्रांतिकारी शालू सैनी के दोनो बच्चे साक्षी सैनी व सुमित सैनी ..दोनों बच्चे आजकल क्रांतिकारी शालू सैनी के साथ मिलकर आसपास के आवारा कुत्ते उनके छोटे छोटे पिल्लै सड़को पर घूम रही बेजुबान गौ माता पक्षी व बंदरो की सेवा के लिए दिनरात एक कर रहे है उन्हें नहलाना दूध पिलाना रोटी बिस्किट ब्रेड चारा चने केले दाना पानी की व्यवस्था कर उनको खिलाते है और उनको नहलाना फिर उनका ट्रीटमेंट कराना ये उनकी दिनचर्या में शामिल है कोरोना महामारी में जब अपनो को अपने नही पूछ रहे है ऐसे में ये परिवार सेवा के नाम पर दिन रात एक किये हुआ है जैसे मानो सेवा कार्य इनकी दिनचर्या में शामिल है, जब कोरोना की इस भीषण आपदा में इंसान इंसान की सेवा नही कर पा रहे है ऐसे में इन युवा बच्चो के द्वारा जानवरो की सेवा किया जाना बेहद अनुकरणीय व खास है सुमित सैनी व साक्षी सैनी कहते है कि उन्हें ये सेवा भाव अपनी मां क्रांतिकारी शालू सैनी से सीखने को मिला है हमारी माँ हर पल कठिन परिस्थिति में भी जनसेवा के लिए तैयार रहती है और यही बात हम बच्चों के लिए प्रेरणा बन गयी है , इनके इस मानवता वादी भाव को देख के आसपास के लोग भी इनकी प्रसंशा करते है खास बातचीत में क्रांतिकारी शालू सैनी ने बताया की मैंने इन्हें बचपन से ही दया सद्भावना और इंसानियत की शिक्षा दी और बताया है कि हर जीव की सेवा पूण्य का कार्य है मेरी कामना है कि बच्चो के इस कार्य से और भी युवा बच्चे प्रेरणा ले और ये मुहिम खूब आगे बढ़े।
२० जून को होने वाले ज्येष्ठ गंगा दशहरे के मुख्य स्नान पर लगी रोक
मुजफ्फरनगर। प्रशासन ने कोरोना संक्रमण के चलते पौराणिक तीर्थनगरी शुकतीर्थ में २० जून को होने वाले ज्येष्ठ गंगा दशहरे के मुख्य स्नान पर रोक लगा दी है। नगरी के चारों ओर बैरिकेडिंग की जाएगी। श्रद्धालुओं के वाहनों को किसी भी सूरत में नगरी में प्रवेश नहीं होने दिया जाएगा। मुजफ्फरनगर, मोरना शुकतीर्थ मार्ग पर चलने वाली प्राइवेट यात्री बसें भी बंद रहेगी। मृतकों की आत्मा की शांति के लिए दीपदान करने जाने वाले श्रद्धालुओं को नगरी में जाने की अनुमति होगी।
ज्येष्ठ गंगा दशहरा पर मेला आयोजन को लेकर मंगलवार को जिला पंचायत के निरीक्षण भवन पर एसडीएम जानसठ जयेंद्र कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में उपरोक्त निर्णय लिया गया। बैठक में जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी जीतेंद्र कुमार, बीडीओ प्रभात कुमार श्रीवास्तव, एडीओ चंद्रप्रकाश शर्मा, सीओ गिरजा शंकर त्रिपाठी, श्री गंगा सेवा समिति के महामंत्री महकार सिंह, मैनेजर देवेंद्र आर्य, बस यूनियन के अध्यक्ष प्रदीप सहरावत, राजपाल सैनी, विनोद शर्मा, भाकियू के सर्वेद्र राठी, राजकुमार व अंजुम जैदी आदि मौजूद रहे।
हमलावरों की गिरफ्तारी को लेकर एसपी सिटी को ज्ञापन सौंपा
मुजफ्फरनगर। खतौली निवासी धर्मवीर प्रजापति पर हुए जानलेवा हमले में खतौली पुलिस के कार्यवाही न किये जाने के विरोध में भारतीय अति पिछड़ा वर्ग संघर्ष मोर्चा के पदाधिकारियों ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन एसपी सिटी अर्पित विजयवर्गीय को सौंपा। ज्ञापन में आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की गयी।
भारतीय अति पिछड़ा वर्ग संघर्ष मोर्चा के प्रभारी रामनिवास प्रजापति एडवोकेट एवं मोर्चा के सुमित प्रजापति के नेतृत्व में मंगलवार को कार्यकर्ताओं ने खतौली निवासी धर्मवीर प्रजापति पर हुए जानलेवा हमले के आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर एसएसपी कार्यालय पर प्रदर्शन कर ज्ञापन एसपी को सौंपा। ज्ञापन में कहा है कि खतौली निवासी धर्मवीर प्रजापति पर १५ दिन पूर्व कार सवार चार लोगों ने जानलेवा हमला किया कर दिया था। लाठी-डंडे से पीटकर धर्मवीर प्रजापति को गंभीर रूप से घायल कर दिया था और जान से मारने की नीयत से पीड़ित पर गोली भी चला थी, जिसमें वह बाल-बाल बच गए थे। घायल धर्मवीर को अस्पताल में भर्ती कराया था। इस मामले को लेकर पीड़ित परिवार ने थाना खतौली में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन खतौली पुलिस ने हल्की धाराओं में मामला दर्ज कर कर लिया था। १५ दिन बाद भी कार्यवाही नहीं की। एसएसपी कार्यालय पहुंचे मोर्चा के पदाधिकारियों ने एसपी सिटी अर्पित विजयवर्गीय को ज्ञापन देकर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कराकर जेल भेजने व पीड़ित परिवार को सुरक्षा दिये जाने की मांग की। इस दौरान श्यामलाल प्रजापति, सुमित, मोदीलाल, सोनू कुमार, श्याम सुंदर प्रजापति, जितिन, रोबिन, दिनेश, प्रमोद, प्रभात, मोहित, सोमपाल, पिटू, पंकज, राहुल, सुमित, देवेंद्र व दिनेश आदि मौजूद रहे।
लेफ्टिनेंट मोहित बालियान का गांव ढिढावली में पहुंचने पर हुआ जोरदार स्वागत
मुजफ्फरनगर। तितावी के ढिढावली गांव निवासी और सीआरपीएफ में उप निरीक्षक श्याम सिंह का बेटा मोहित बालियान सेना में अधिकारी बना है। भारतीय सैन्य एकेडमी-देहरादून से पास आउट होने के बाद सेना में आर्मी एयर डिफेंस कोर में लेफ्टिनेंट के पद पर कमीशन मिला है। मोहित की सफलता पर ग्रामीणों ने हर्ष जताया है।
मोहित ने हाईस्कूल तक की शिक्षा गांव में रहकर पूरी की। इसके बाद भागवंती सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज-मुजफ्फरनगर से प्रथम श्रेणी में इंटरमीडिएट की परीक्षा पास की। वर्ष २०१७ में एनडीए परीक्षा पास कर भारतीय सेना के अति प्रतिष्ठित संस्थान रक्षा अकादमी-महाराष्ट्र में प्रवेश लिया। वहां से तीन वर्ष के प्रशिक्षण के बाद विज्ञान वर्ग से स्नातक की उपाधि प्राप्त की। वर्ष २०२० में भारतीय सैन्य एकेडमी-देहरादून से एक वर्ष का प्रशिक्षण लेकर लेफ्टिनेंट में कमीशन प्राप्त किया है। मोहित के ताऊ रामपाल भारतीय सेना में सूबेदार पद से सेवानिवृत्त हैं। दूसरे ताऊ जगमेर सिंह पीएसी में सेवा दे चुके हैं। साथ ही इनके पिता श्याम सिंह श्रीनगर में सीआरपीएफ में एसआइ के पद पर तैनात हैं। मोहित बालियान ने सफलता का श्रेय अपनी दिवंगत माता नीलम देवी को दिया है। बताया कि उनकी प्रेरणा से ही इस मुकाम पर पहुंच पाया।
जिला कार्यालय पर पौधारोपण किया
मुजफ्फरनगर। प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर जिले में चलाये जा रहे सेवा ही संगठन अभियान के तहत भारतीय जनता पार्टी के गांधीनगर स्थित जिला कार्यालय पर पौधारोपण किया गया। इस मौके पर भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष विजय शुक्ला ने कहा कि सेवा ही संगठन अभियान के तहत जिले में भाजपा कार्यकर्ताओं ने रक्तदान, वैक्सीनेशन व पौधारोपण किया है। उन्होनें कहा कि अगर पर्यावरण बचाना है तो ज्यादा से ज्याद पौधे लगाएं ताकि आने वाली पीढ़ी के लिए हम एक अच्छा वातावरण तैयार कर सकें। इस अवसर पर विधायक विक्रम सैनी, जिला पंचायत सदस्य श्रीभगवान शर्मा, राजीव गर्ग, गीता जैन, महामंत्री रोहिल बाल्मीकी, सुधीर खटीक, प्रमोद कश्यप, केके शर्मा, राकेश कुमार, प्रतीक शर्मा व रमेश ठाकुर आदि मौजूद रहे।
नेताजी लियाकत न्यामू को एक और बड़ा झटका, गाड़ी जब्त
मुजफ्फरनगर। इंस्पेक्टर को धमकी देने वाले नेताजी लियाकत न्यामू को एक और बड़ा झटका लगा है। उसकी एंडेवर गाड़ी जब्त कर ली गई है।
पुलिस के अनुसार नेताजी द्वारा तमंचे से फायर कर गाड़ी छीनी गई थी। इस गाड़ी पर अवैध हूटर लगा हुआ है। गाड़ी पर हूटर लगाकर नेताजी लोगों पर रौब गालिब करते थे गाड़ी पर भारतीय किसान यूनियन स्वराज राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की नेम प्लेट लगी मिली। बताया गया है कि यह गाडी कुरुक्षेत्र हरियाणा के एक व्यक्ति को नेताजी ने घर पर बुलाकर छीनी थी। इस मामले में चरथावल पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज आगे की कार्यवाही की जा रही है।
उत्तर प्रदेश में दमदार तरीके शिक्षक हित के मुद्दे उठायेंगे
मुजफ्फरनगर । जिले की शिक्षक राजनीति मे राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ उत्तर प्रदेश प्राथमिक राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ ने तूफान मचा दिया है। राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ ने बेसिक शिक्षा विभाग के कई शिक्षक नेताओं को अपनी और मिलाते हुए शिक्षक संगठन का विस्तार जिले में करने की जिम्मेदारी इन नेताओं को दी है। ये सभी शिक्षक महासंघ की गतिविधियों एजेडे को धार देते हुए संगठन को शिक्षकों के बीच और अधिक मजबूत करेंगे,वैसे यह संगठन उत्तर प्रदेश में दमदार तरीके शिक्षक हित के मुद्दे उठा रहा है और शासन से यह संगठन हर तरह से मान्यता प्राप्त है,शिक्षक महासंघ से जुड़े शिक्षको की बात प्रशासनिक व शिक्षा विभाग के अधिकारियों को इसलिए सुनने भी अब आवश्यक है कि यह संघ इतनी मजबूती से आगे बढ़ रहा है कि शासन स्तर पर भी इसकी सुनवाई साफ सुथरी छवि व मजबूती के कारण प्राथमिकता के आधार पर होती है। जिले में इस संगठन के विस्तार के बाद जिले की शिक्षक राजनीति में काफी हलचल मची हुई है। खासकर काफी दिनों से खामोश और मुद्दा विहीन चल रही शिक्षक राजनीति को बेसिक शिक्षा विभाग मुजफ्फरनगर को राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ ने नई ऊंचाइयां देते हुए जिले के तेज तरार शिक्षक नेताओं को जोड़ना शुरु कर दिया है उसने आज जिले के ३ शिक्षक नेताओं को संयोजक बनाकर संगठन के विस्तार की कमान सौंप दी है इसके बाद माना जा रहा है कि राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ तेजी के साथ जिले में खड़ा कर दिया जाएगा और बड़े पैमाने पर शिक्षकों को इससे जोड़ा जा रहा है काफी दिनों से उत्तर प्रदेश के शिक्षक राजनीति में राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ अन्य शिक्षक संगठनों के मुकाबले काफी मजबूती और दमदार तरीके से काम करता दिखाई दे रहा है इसके आगे अन्य शिक्षक संगठन फ़िलहाल बोने ही साबित हो रहे हैं। लखनऊ से राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के संयोजक गोविंद तिवारी ने मुजफ्फरनगर के जिलाधिकारी सेल्वा कुमारी जे बेसिक शिक्षा अधिकारी वाले व अन्य अधिकारियों को संगठन के नए संयोजक ओ के बारे में अवगत कराते हुए पत्र भी लिखा है।
गोविंद तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि संवर्ग की प्रदेश स्तरीय कार्यकारिणी की बैठक में लिए गए निर्णय के क्रम में मुजफ्फरनगर जनपद मे रविंद्र सिंह (सहायक अध्यापक )कम्पोजिट विद्यालय सीमली विकास क्षेत्र सदर को राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ जनपद इकाई मुजफ्फरनगर का जिला संयोजक नियुक्त किया गया है।
रविन्द्र सिंह के सहयोगी के रुप में ओम दत्त गौतम (सहायक अध्यापक) कन्या उच्च प्राथमिक विद्यालय कमालपुर विकास क्षेत्र शाहपुर ,
जय गिरी गोस्वामी (सहायक अध्यापक )कम्पोजिट विद्यालय भैंसरहेडी विकास क्षेत्र पुरकाजी तथा श्रीमती मंजू रानी सहायक अध्यापिका कंपोजिट विद्यालय भोपा विकास क्षेत्र मोरना को राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ जनपद इकाई मुजफ्फरनगर का सह संयोजक नियुक्त करते हुए निर्देशित किया गया है कि यह जनपद में सदस्यता अभियान चलाकर शीघ्र जनपद कार्यकारिणी का गठन सुनिश्चित करें तथा जनपद स्तरीय अधिकारियों से समन्वय स्थापित करते हुए शिक्षकों की समस्याओं का निस्तारण करें।
इन सभी के चयन से जनपद के शिक्षकों में खुशी का माहौल है । जनपद मे ये शिक्षक नेता पहले से ही शिक्षक हित के लिए काम करते रहे है।
इन सभी शिक्षकों को जनपद मे भ्रष्टाचार विरोधी स्वच्छ व ईमानदार छवि के शिक्षकों के रूप में जाना जाता है।
कोरोना कर्फ़्यू का समय रात्रि 10 से प्रातः 5 तक करने की मांग
मुजफ्फरनगर। अजय कुमार सिंघल नगर अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लिखे पत्र में कहा है कि प्रदेश में लगातार कोरेना के केस घट रहे है। बाजार आदि में भी छूट दे दी गयी है। उन्होंने कहा कि वैवाहिक समारोह में भी कम से कम 250 लोगों के शामिल होने की अनुमति दी जाये। प्रदेश में ट्रेस, ट्रैक, ट्रीटमेंटऔर बहुतायत में वैक्सीनेशन के फलस्वरूप प्रदेश में कोरोना संक्रमण बेहद कम रह गया है, अधिकतम एक दिन में 30000के सापेक्ष कोरोना संक्रमण की संख्या 1000 से भी कम रह गई है। और तेज़ी से घट रही है। 7 से 7 छूट के कारण जन जीवन सामान्य होने में राहत मिल रही है। प्रदेश में कोरोना के विषय मे अब कोई अप्रिय समाचार नहीं है। ऐसे समय जन जीवन को और अधिक सामान्य करने हेतु आपसे निवेदन है कि अब जिन जनपदों में 300 या उससे कम संक्रमित रह गए हैं वहाँ रात्रि कोरोना कर्फ़्यू का समय घटाकर रात्रि 10 से प्रातः 5 तक कर दिया जाय। इसी प्रकार वैवाहिक रीति रिवाज एवम समारोह हमारे समाज का एक अत्यंत महत्वपूर्ण अंग है, वैवाहिक समारोह में मेहमानों की संख्या भी 300 से कम संक्रमण वाले जनपदों में 250 तक ,समारोह स्थल के क्षेत्रफल के अनुरूप 100 से 250 तक अनुमन्य कर दी जाय, ऐसा करने से प्रदेश का जन जीवन और अधिक तेज़ी से सामान्य हो सकेगा। जन सामान्य को काफ़ी लाभ मिलेगा।
दो पडौसियो के बीच हुई मारपीट
मुजफ्फरनगर। घर के बाहर छज्जा निकालने के विवाद मे दो पडौसियो के बीच हुई आपसी कहासुनी मारपीट मे तब्दील हो गई। पीडित पक्ष ने पुलिस को शिकायती पत्र देते हुए आरोपितो के खिलाफ कार्यवाही की मांग की। जानकारी के अनुसार नई मन्डी कोतवाली क्षेत्र के गांव सहावली निवासी गौतम ने पुलिस को तहरीर देते हुए आरोप लगाया कि उसका पडौसी रिश्तेदार रतनसिह अपने मकान मे चिनाई कार्य करा रहा है। गौतम का आरोप है कि रतनसिह अपने घर के बाहर छज्जा निकाल रहा है। आरोप है कि छज्जा निकालने का विरोध करने पर रतनसिह ने अपने बेटो अमित,अनमोल व दामाद लोकेश आदि के साथ मिलकर गौतम व उसकी भाभी के साथ मारपीट कर दी और मौके से फरार हो गए। पुलिस ने इस मामले मे मिली तहरीर के आधार पर छानबीन शुरू कर दी है।
चरथावल में छात्र की रिहाई की मांग को लेकर आर्य समाज के लोगों ने कस्बा इंचार्ज को सौंपा ज्ञापन
चरथावल। आर्य समाज के लोगों ने चरथावल अध्यक्ष अर्चित व मंत्री दर्पण आर्य के नेतृत्व में ऑस्ट्रेलिया में रह रहे छात्र विशाल जूड़ की रिहाई की मांग को लेकर राष्ट्रपति व विदेश मंत्रालय को सम्बोधित ज्ञापन कस्बा इंचार्ज योगेंद्र चौधरी को सौंपते हुए मामले में हस्तक्षेप की मांग की।
चरथावल कस्बे में आर्य समाज के लोगों ने चरथावल अध्यक्ष अर्चित व मंत्री दर्पण आर्य के नेतृत्व में ऑस्ट्रेलिया में रह रहे छात्र विशाल जूड़ की रिहाई की मांग को लेकर राष्ट्रपति व विदेश मंत्रालय को सम्बोधित ज्ञापन कस्बा इंचार्ज योगेंद्र चौधरी को सौंपते हुए कहा कि आस्ट्रेलिया में खालिस्तानी आतंकियों ने राष्ट्रध्वज का अपमान किया था। जिसका ऑस्ट्रेलिया में अकेले भारत के विशाल जुड़ ने पुरजोर विरोध किया था जिसके चलते उन्हें कारावास दे दिया गया। आर्य समाज के ने विशाल जूड़ की रिहाई के लिए राष्ट्रपति व विदेश मंत्रालय से हस्तक्षेप करने की मांग की है। इस मौके पर सुलभ, विवेक, अमन, राहुल, प्रभात, डॉ स्पर्श आदि युवाओं का सहयोग रहा।
चरथावल में वांछित चल रहे शातिर चोर को पुलिस ने गिरफ्तार कर भेजा जेल
चरथावल। ग्राम अमीगढ़ की पुलिया के पास से हिंडन पुलिस चौकी इंचार्ज मोहित तेवतिया ने पुलिस टीम के साथ वांछित चल रहे शातिर चोर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है पुलिस ने पकड़े गए शातिर चोर का चालान कर जेल भेज दिया है।
चरथावल थाना प्रभारी महेंद्र पाल सिंह सिंह को सूचना मिली कि चोरी कि घटना में वांछित एक शातिर चोर कहीं जाने की फिराक में अमीगढ़ पुलिया के नजदीक खड़ा है। सूचना पर चरथावल थाना प्रभारी महेंद्र पाल सिंह के नेतृत्व में हिंडन पुलिस चौकी इंचार्ज मोहित तेवतिया ने पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर आरोपी को दबौच लिया। पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम शौकीन पुत्र यासीन निवासी मौहल्ला आलमनगर चरथावल देहात बताया। चरथावल थाना प्रभारी महेंद्र पाल सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि पकड़ा गया आरोपी एक शातिर चोर हैं जो चोरी के मुकदमें में वांछित चल रहा था पकड़ा गया चोर अपने साथियों के साथ मिलकर जंगल में किसानों की ट्यूबवेलों पर चोरी की घटना को अंजाम देता है। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी का चालान कर जेल भेज दिया है।

