वैश्विक

Ukraine में रूसी हमले से Mariupol समेत कई शहर बर्बाद, भीषण तबाही का अंदाजा

Ukraine में  रूसी सैनिकों की ओर से हमले जारी हैं. पिछले कई दिनों से जारी जंग में धीरे-धीरे कई शहर तबाह हो गए. भारी संख्या में निर्दोष लोग भी मारे जा रहे हैं. अस्पतालों, स्कूलों और आवासीय इमारतों को टारगेट किया जा रहा है. जंग के बीच वायरल नई सैटेलाइट तस्वीरों से भीषण तबाही का अंदाजा लगाया जा सकता है.

Mariupol शहर से तबाही की नई तस्वीर सामने आई है जिसमें रूसी सैनिकों ने कई इमारतों को बुरी तरह से तहस नहस कर दिया है. ये तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं. मारियुपोल में रूसी सेना पिछले कई दिनों से लगातार हमला कर रही है. कीव की तरफ सैनिकों का काफिला बढ़ता दिख रहा है. राजधानी में भी हमले तेज हो गए हैं जिसमें कई लोगों की जान जा चुकी है. 

काला सागर बंदरगाह शहर के पश्चिमी क्षेत्रों में आग की लपटें

अमेरिका की एक प्राइवेट कंपनी ने कहा है कि शनिवार की सुबह ली गई सैटेलाइट तस्वीरों में दक्षिणी यूक्रेन के मारियुपोल शहर में नागरिक बुनियादी ढांचे और आवासीय भवनों को काफी नुकसान दिखाया गया है. मैक्सार टेक्नोलॉजीज ने कहा है कि काला सागर बंदरगाह शहर के पश्चिमी क्षेत्रों में आग की लपटें देखी गई और दर्जनों ऊंची इमारतों को बुरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दिया गया.

हालांकि इन तस्वीरों की अभी कोई पुष्टि नहीं की गई है. न्यूज एजेंसी रॉयटर्स ने भी स्वतंत्र रूप से तस्वीरों को सत्यापित नहीं किया है. उधर, यूक्रेन के विदेश मंत्री दिमित्रो कुलेबा ने शनिवार को कहा कि मारियुपोल को रूसी सैनिकों ने घेर लिया था. उन्होंने कहा कि रूसी सैनिकों ने भले ही मारियुपोल पर कब्जे की कोशिश की हो लेकिन ये इलाका अभी भी यूक्रेन सरकार के नियंत्रण में है.

Ukraine  मारियुपोल सिटी काउंसिल ने शुक्रवार को कहा कि रूसी गोलाबारी और 12 दिनों की नाकेबंदी के परिणामस्वरूप मारियुपोल में कम से कम 1,582 नागरिक मारे गए हैं. यूक्रेन में रूस के सैनिक लगातार कई शहरों को निशाना बना रहे हैं जिसकी वजह से भारी संख्या में लोगों का पलायन भी जारी है.

कीव (Ukraine )के पास भी रूसी सैनिकों का जमावड़ा है और यहां भी गोले बरसाए जा रहे हैं. इस बीच यूक्रेन में एक महिला को रूसी टैंकों से उड़ा दिया गया. यूक्रेनी महिला अपनी बीमार मां के लिए दवा लाने के लिए निकली थी. इसी दौरान रूसी सैनिकों ने बम से हमला किया और वेलेरिया मक्सेत्स्का नाम की महिला और उसकी मां की जान चली गई. 

महिला और उसकी मां को रूसी सैनिकों ने उड़ाया

Ukraine की एक महिला जो अपनी बीमार मां के लिए दवा लेने के लिए कीव में अपने घर से निकली थी. वेलेरिया मक्सेत्स्का की कथित तौर पर उसकी मां इरीना और उनके ड्राइवर यारोस्लाव के साथ कीव के पास एक गांव में हत्या कर दी गई. उसे कथित तौर पर एक रूसी टैंक ने उड़ा दिया

मृतक महिला मक्सेत्स्का ने शुरू में रूसी सैनिकों की घेराबंदी के तहत नागरिकों की मदद करने के लिए कीव में पीछे रहने का फैसला किया था लेकिन जब उसकी मां की दवा खत्म हो गई तो उन्होंने वहां से निकलने का फैसला किया. 

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, मां-बेटी और उनका ड्राइवर तीनों कीव के पश्चिम में एक सड़क पर रूसी काफिले के गुजरने का इंतजार कर रहे थे, तभी एक टैंक ने कथित तौर पर उन पर गोले बरसा दिए. इस हमले में तीनों की मौत हो गई. यूक्रेन के कई शहरों में तबाही का आलम है. कहीं इमारतें खंडहर में तब्दील हो गई हैं तो कहीं स्कूलों और अस्पतालों पर हमले किए जा रहे हैं.

रूसी सैनिकों ने कीव को तीन तरफ से घेर लिया है. मारियुपोल और ब्रोवरी पर रूस के सैनिक लगातार हमला बोल रहे हैं. भारी संख्या में लोग हताहत भी हुए हैं. डर और भय की वजह से लोगों का पलायन लगातार जारी है.

Ukraine में युद्ध शुरू होने के बाद से सैकड़ों नागरिकों की मौत हो चुकी है. संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार कार्यालय (यूएनएचसीएचआर) से बताया गया कि 579 नागरिक मारे जा चुके हैं. यूएनएचसीएचआर ने कहा है कि युद्ध शुरू होने के बाद से यूक्रेन में कम से कम 579 नागरिक मारे गये और 1,000 से अधिक लोग घायल हो गये. यूएनएचसीएचआर ने शनिवार को कहा कि मारे गये लोगों में 42 बच्चे भी शामिल हैं.

उल्लेखनीय है कि एक दिन पहले, जिनेवा स्थित कार्यालय ने 564 नागरिकों की मौत होने और 982 लोगों के घायल होने का आंकड़ा दर्ज किया था. इसने कहा कि ज्यादातर नागरिक विस्फोटक हथियारों के इस्तेमाल के चलते हताहत हुए. संयुक्त राष्ट्र अधिकारियों ने कहा कि उनका मानना है कि हताहतों की वास्तविक संख्या अधिक हो सकती है.

युद्ध में यूक्रेन के 1300 सैनिक मारे गए: Volodymyr Zelenskyy

Ukraine के राष्ट्रपति Volodymyr Zelenskyy ने शनिवार को कहा कि रूसी आक्रमण की शुरुआत के बाद से लड़ाई में लगभग 1,300 यूक्रेनी सैनिक मारे गए हैं. जेलेंस्की ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि अगर रूस को यूक्रेन की राजधानी पर कब्जा जमाना है तो उसे रिहायशी क्षेत्रों समेत अन्य जगहों पर लगातार बमबारी करनी और नागरिकों को हत्या करनी पड़ेगी.

जेलेंस्की ने कहा, ‘‘अगर यही उनका लक्ष्य है, तो उन्हें आने दें।’’ राष्ट्रपति ने कहा कि अगर वे रिहायशी क्षेत्रों समेत चुनिंदा जगहों पर बमबारी करनी जारी रखते हैं और पूरे क्षेत्र की ऐतिहासिक स्मृति को मिटा देते हैं, तो वे कीव में दाखिल हो सकते हैं.’’

अब तक 810 मिसाइल दागी

इससे पहले अमेरिकी ने कहा था कि रूस ने Ukraine पर अब तक करीब 810 मिसाइलें दागी हैं. रूसी विमानों और तोपों ने यूक्रेन के पश्चिम में जहां हवाई पट्टियों को निशाना बनाया, वहीं पूर्व में एक प्रमुख औद्योगिक केंद्र पर बम व गोले बरसाए. उसके टैंक और तोपों ने पहले से ही नियंत्रण में आ चुके शहरों में हमले जारी रखा, जिससे लोग वहां जान गंवाने वाले लोगों को द‍फना नहीं पाए.

अमेरिका के रक्षा अधिकारियों ने रूस के हवाई अभियान को लेकर एक आकलन साझा किया. उन्होंने कहा कि रूसी पायलट हमले के लिए दिनभर में औसतन 200 उड़ान भर रहे हैं.

News-Desk

News Desk एक समर्पित टीम है, जिसका उद्देश्य उन खबरों को सामने लाना है जो मुख्यधारा के मीडिया में अक्सर नजरअंदाज हो जाती हैं। हम निष्पक्षता, सटीकता, और पारदर्शिता के साथ समाचारों को प्रस्तुत करते हैं, ताकि पाठकों को हर महत्वपूर्ण विषय पर सटीक जानकारी मिल सके। आपके विश्वास के साथ, हम खबरों को बिना किसी पूर्वाग्रह के आप तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। किसी भी सवाल या जानकारी के लिए, हमें संपर्क करें: [email protected]

News-Desk has 21118 posts and counting. See all posts by News-Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1 × one =