Muzaffarnagar News: पोस्ट कार्ड लेखन प्रतियोगिता का आयोजन
Muzaffarnagar News:मुजफ्फरनगर। सनातन धर्म इंटर कॉलेज निकट रोडवेज बस स्टैंड मुजफ्फरनगर में ७५ वी आजादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रम के अंतर्गत पोस्ट कार्ड लेखन अभियान चलाया गया जिसमें विद्यालय के छात्र एवं छात्राओं ने बढ़ चढ़ कर प्रतिभाग किया। लगभग १७५ पोस्ट कार्डों का लेखन करके देश केप्रधानमंत्री के नाम प्रेषित किए गए।
विद्यालय में आयोजित लेखन व कला अभियान के अन्तर्गत छात्रों के समक्ष विचार व्यक्त करते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री सोहन पाल जी ने कहा कि भारतीय संस्कृति अनेकता में एकता का भाव समेटे हुए है।भारत में विविध धर्मों भाषाओं, परम्पराओं, रीति रिवाजों एवं विचार धाराओं के लोग रहते हैं। सभी लोगों के बीच आपसी प्रेम, सहयोग एवं सामंजस्य प्रतिस्थापित हैं। यही भावना हम सब को एकता के सूत्र में बांधे हुए है। यही हमारी संस्कृति की विशेषता है।
इसी राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रीय भावना के कारण एक गुलदस्ते के समान है। इसलिए भारतीय संस्कृति दूसरे देशों के लोगों को भी अपनी ओर आकर्षित करती है। उन्होंने कहा कि देश को आजाद कराने में सभी लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और देश को विदेशी बेड़ियों से मुक्त कराया।
आजादी का ७५ वां अमृत महोत्सव कार्यक्रम मनाने का भी यही उद्देश्य है कि हम सब देश को आजाद कराने वाले क्रान्तिकारियों एवं गुमनाम शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित कर सकें।यह सरकार के महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में से एक है। विद्यालय के छात्र एवं छात्राओं व अध्यापकों द्वारा स्वतंत्रता संग्राम के गुमनाम नायकष् विषय पर पोस्ट कार्ड लेखन व कला का आयोजन किया गया।
देश के प्रधानमंत्री के नाम से प्रेषित पोस्ट कार्डों पर छात्रों ने अपने विचार व्यक्त किए और अपनी भावनाओं, विचारों को पोस्ट कार्डों पर अंकित किया। छात्रों ने पोस्ट कार्डों के माध्यम से संदेश भी दिया कि देश को आजाद कराने में महान स्वतंत्रता-संग्राम सेनानियों एवं गुमनाम शहीदों का कितना बड़ा योगदान है। इस कार्यक्रम संयोजक श्री अनिल कुमार शर्मा डॉ राजबल सैनी डॉ रश्मि जी अरविंद कुमार अशोक सैनी व अनिल कुमार त्यागी जी रहे।

