महिला आत्महत्या के इरादे से नहर में कूदी, मुजफ्फरनगर पुलिस ने बचाया
मुजफ्फरनगर। पुलिस की तत्परता से एक महिला की जान बच गई। कलयुगी बेटे की मारपीट से तंग आकर आत्महत्या करने के इरादे से महिला नहर में कूद गई। हालांकि पुलिस बल ने बचाया।
सूत्रों के अनुसार सुबह ०७.३० बजे उक्त महिला ने सिखेडा गंगनहर में छलांग लगाई थी। पीआरवी २२०९ पर तैनात हैड कांस्टेबल राकेश कुमार व चालक होमगार्ड शिव कुमार सिखेडा जानसठ गंग नहर के पास गश्त कर रहे थे।
तभी एक व्यक्ति द्वारा पुलिस को बताया गया कि अज्ञात महिला आत्महत्या करने के लिए नहर के पास बैठी है, यह बात पूरी हो पाती इससे पहले ही महिला नहर में कूद गयी।
पीआरवी २२०९ पर तैनात हैड कांस्टेबल राकेश कुमार द्वारा बिना वक्त गवांए रस्सी लेकर नहल में छलांग लगा दी गयी तथा तेज बहाव होने के पश्चात भी महिला को सकुशल बाहर निकाल लिया गया तथा तत्काल सरकारी गाडी में बैठाकर प्राथमिक उपचार हेतु सीएचसी जानसठ में भर्ती कराया गया।
महिला को उपचार के उपरान्त थाना सिखेडा ले जाया गया जहां उससे आत्महत्या करने का कारण पूछा गया तो उसने बताया कि उसका बेटा उसके साथ मार-पिटाई करता है
जिससे तंग आकर उसने आत्महत्या करने की ठान ली थी। महिला के बेटे व अन्य परिवारजन को थाने पर बुलाकर सख्त हिदायत देते हुए महिला को उनके सुपुर्द किया गया।

