News
खबरें अब तक...

समाचार

21 को होगा प्रांतीय सम्मेलन
मुजफ्फरनगर। कैमिस्ट एन्ड ड्रगिस्ट वैलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष सुभाष चौहान के नेतृत्व में एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने २१मार्च में होने वाले प्रान्तीय सम्मेलन को सफल बनाने के लिए जनपद मुजफ्फरनगर के शहापुर, बुढाना एवं जनपद शामली में एवं शामली के बघरा,लालूखेडी में मैडिकल स्टोर एवं एजेंसीयो से जनसम्पर्क किया। साथ ही कोरोना वायरस के दुष्प्रभाव से बचने के लिए मुजफ्फरनगर कैमिस्ट एन्ड ड्रगिसट वैलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री सुभाष चौहान जी के द्वारा एवं एसोसिएशन के चेयरमैन प्रमोद मित्तल जी के द्वारा सभी दवा व्यापारियों को जनपद के नागरिकों को पूर्ण सहयोग देने के लिए कहा । इसी के साथ सभी सर्जिकल दवा व्यापारियों से अनुरोधकिया गया कि सभी व्यापारी इस कोरोना वायरस से बचाव के लिए इस्तेमाल होने वाले मास्क एवं सैनेटाइजर पर कालाबाजारी बिलकुल भी न करे । जनसम्पर्क अभियान में सुभाष चौहान जी,प्रमोद मित्तल जी,बिजेनदर शर्मा,सतीश तायल,मुकेश सोम,मनोज गर्ग,अरूणं प्रताप सिंह,मयंक बंसल,मुकेश शर्मा,नीरज शर्मा आदि व्यापारी मौजूद रहे ।

 

जिलाधिकारी नें किया स्वास्थ्य मेले का उद्घाटन1 Min 10 |
सिखेडा। प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पर आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेला का उद्घाटन जिलाधिकारी सेल्वा कुमारी जे द्वारा मुख्य चिकित्साधिकारी पीके चोपड़ा, जानसठ सीएचसी प्रभारी डॉ अशोक कुमार, महिला चिकित्सा अधीकारी डॉ. सुषमा शर्मा की उपस्थिति में किया गया। मुख्यमंत्री आरोग्य मेला में स्वास्थ्य एवं बाल विकास सेवा पुष्टाहार विभाग द्वारा संचालित समस्त योजनाओं की जानकारी के साथ मेले में आये मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण, खून की जांच, परामर्श के साथ आयुष्मान भारत गोल्डन कार्ड बनाने की जानकारी भी उपलब्ध करायी गयी।

यज्ञ व योग से होते है वायरस दूर2 Min 8 |
मुजफ्फरनगर। शहर आर्य समाज मुजफ्फरनगर में जनपद के समस्त आर्य समाजो के प्रतिनिधियो की एक बैठक आयोजित की गई।सभी प्रतिनिधियों ने भारत वर्ष में भी कोरोना वायरस के फैलने से लोगों में उत्पन्न हुए डर को दूर करने के लिए बताया कि भारतीय संस्कृति में ऐसे किसी भी वायरस से डरने की आवश्यकता नहीं है।उन्होंने बताया कि यज्ञ और योग जो भारतीय संस्कृति की पहचान है , उक्त वायरस को समूल नष्ट करने में सक्षम है।इसी कड़ी में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि दिनांक २०,२१ व २२मार्च को आर्य समाज शहर मुजफ्फर नगर में कोरोना वायरस से मुक्ति हेतु वृहत यज्ञ किया जाएगा।यज्ञ सामग्री में ऐसी जड़ी-बूंटियों का प्रयोग किया जाएगा जो कोरोना वायरस को नष्ट करने में सक्षम है। बैठक की अध्यक्षता डॉ०जीतसिंह तोमर ने की ।संचालन दीपक आर्य ने किया।इस अवसर पर आर्य समाज शहर के प्रधान मुकेश आर्य, योगाचार्य सुरेन्द्र पाल सिंह आर्य ,मंत्री संदीप आर्य; नीरज राणा, रविन्द्र राठी,बुद्धसिंह लोहान ,हरेन्द्र शर्मा,प्रताप चौहान, अनूप सिंह वर्मा,गजेन्द्र राणा,सहदेव आर्य आदि काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।

सावधानी कोरोना वायरस से बचाव को जरूरी
मुजफ्फरनगर। भारतीय योग संस्थान के निःशुल्क योग साधना केंद्र ग्रीन लैंड माडर्न जू०हाई स्कूल मुजफ्फर नगर में साप्ताहिक योग चर्चा में कोरोना वायरस से बचाव विषय पर विद्वानों ने अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर योग शिक्षक यज्ञ दत्त आर्य ने कहा कि कोरोना वायरस से डरने की आवश्यकता नहीं है। इससे बचने के लिए केवल सावधानी रखने की आवश्यकता है। अपने आस पास साफ सफाई रखे,घर का बना भोजन ले।फल व सब्जियों को अच्छी प्रकार से धोकर ही खाएं। केंद्र प्रमुख राजसिह पुण्डीर ने कहा कि नियमित योगा भ्यास करने से भी हम कोरोना वायरस से बच सकते हैं।चूँकि नियमित योगा भ्यास करने से शरीर में रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है। योग शिक्षिका रेनु ने कहा कि कोई भी वायरस गंदगी में पनपता है अतः अपने आस-पास साफ स्वच्छ रखे।भारतीय संस्कृति को जीवन में अपनाकर हम इस महामारी से बच सकते हैं। योगाचार्य सुरेन्द्र पाल सिंह आर्य ने कहा कि वैज्ञानिकों ने सिद्ध किया है कि जिस घर में प्रतिदिन यज्ञ होता है उसके आसपास के ९६त्न कीटाणु नष्ट हो जाते हैं।अतः हर घर मे प्रतिदिन यज्ञ करे और निश्चित रहे कि कोरोना वायरस आपका कुछ नहीं बिगाड़ पायेगा ।अनुलोम-विलोम,कपालभाँति व भस्त्रिका प्राणायाम करें।जल नेति व सूत्र नेति क्रिया भी इस रोग के निवारण में सहायक है।

 

मांगों को लेकर धरना जारी5 Min 4 |
मुजफ्फरनगर।जिलाधिकारी कार्यालय पर संवैधानिक आरक्षण संघर्ष मोर्चा का आरक्षण सत्याग्रह 14 वें दिन भी जारी रहा। संवैधानिक आरक्षण संघर्ष मोर्चा के बैनर तले कचहरी स्थित डीएम कार्यालय पर संवैधानिक आरक्षण सत्याग्रह के माध्यम से आरक्षण की मांग की गई। आरक्षण की मांग को लेकर संगठन की और से धरना प्रदर्शन कर जिला प्रशासन के नाम एक ज्ञापन सौपा गया। 2मार्च से चल रहे अनिचितकालीन धरने मे मैनुअल एपेन्डिक्स के अर्न्तगत अंकित जातियों की सूची मे 51 के सामने मझवार, मांझी, मुजाबिर, पासी क्रमांक 63 पर कुम्हार, लुहार,धींवर, बघेल,, धनगर आदि को अनुसूचित जाति मे शामिल करने की मांग की गई।

16 से श्री अग्र भागवत कथा 6 Min 6 |
मुजफ्फरनगर। महाराजा अग्रसेन स्मारक ट्रस्ट की और से मुजफ्फरनगर मे पहली बार श्री अग्रभागवत कथा का शुभारंभ होगा। आगरा से पधारे कथा व्यास परम पूज्य आचार्य विष्णुदास शास्त्री के सानिध्य मे 16 मार्च दिन सोमवार से भव्य कलश यात्रा, व धार्मिक अनुष्ठानो के बीच कथा का विधिवत शुभारम्भ होगा।
महाराजा अग्रसेन स्मारक ट्रस्ट के वरिष्ठ पदाधिकारी विनोद सिंघल व सत्यप्रकाश रेशू ने आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान संयुक्त रूप से यह जानकारी दी। एटूजैड कालोनी रोड स्थित नव निर्मित महाराजा अग्रसैन स्मारक ट्रस्ट सभागार मे आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान विनोद सिंघल व सत्यप्रकाश रेशू ने बताया कि 16 मार्च को भव्य कलश यात्रा एवं बैण्ड बाजे के साथ ए टू जेड स्थित शिव मंदिर से शुरू होकर नवनिर्मित महाराजा अग्रसेन भवन स्थित पंडाल पहुंचेगी। जिसमे मुख्य यजमान,उप यजमान,विशिष्ट यजमान एवं सैकडो की संख्या मे श्रीमधावान महिलाएं एंव पुरूष महाराजा अग्रसेन की गौरव गाथा के साथ भजन कीर्तन करते हुए भाग लेंगे।
ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष और कथा संयोजक समितिन ने बताया कि यह सात दिवसीय संगीतमयी श्री अग्रभागवत कथा 16 मार्च से 21 मार्च तक प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। शनिवार 21 माच्र को शाम 6 बजे महाआरती का आयोजन होगा। दीप प्रज्जलवन मे महामंडलेश्वर स्वामी केशवानन्द सरस्वती जी एवं मंत्री कपिलदेव अग्रवाल े आदि गणमान्य व्यक्तियों द्वारा किया जाएगा। कथा मे महाराजा अग्रसेन महात्म्य, देवलोक चर्चा, अग्रसेन जी का जन्म,महाभारत प्रसंग, भगवान श्री कृष्ण द्वारा समत्व का उपदेश, गुरू गर्गाचार्य जी से भेंट, माता महालक्ष्मी द्वारा कुलदेवी बनने का वरदान,नागकन्या माधवी से भेंट आदि अनेक वृतान्त कथा द्वारा सुनाये जाएंगे। उन्होने बताया कि कथा का समापन 22 मार्च को पूर्णाहुति के साथ सम्पन्न होगा। तत्पश्चात नवनिर्मित महाराजा अग्रसेन भवन का उदघाटन मुख्य अतिथि कपिलदेव अग्रवाल, पूर्व विधायक सोमांश प्रकाश,निधिश प्रकाश, पवन कुमार गर्ग, मुकेश गोयल,उद्यमी राकेश बिन्दल आदि के द्वारा संयुक्त रूप से किया जाएगा। कार्यक्रम मे अनेक महिला पुरूष सम्मलित होंगे। तत्पश्चात महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा। प्रेसवार्ता मे संस्था के पदाधिकारियो मे विनोद सिंघल, सत्यप्रकाश रेशू, संजय गुप्ता, तेजराज गुप्ता, पुरूषोत्तम सिंघल,अजय अग्रवाल सीए, प्रदीप गोयल, मित्रसेन अग्रवल आदि भंवन के पदाधिकारी व ट्रस्टी मौजूद रहे।

शातिर को कार सहित दबोचा
मंसूरपुर। पुलिस ने चैकिंग के दौरान एक लुटेरे को कार व तमंचे के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पकडे गए आरोपी से पूछताछ मे जुट गई है। एसएसपी अभिषेक यादव के निर्देशो के चलते अपराधो पर रोक लगाने व अपराधियो की गिरफ्तारी के लिए चल रहे अभियान विशेष के तहत थाना मंसूरपुर पुलिस ने चैकिंग के दौरान लूट के मामले के आरोपी इसरार पुत्र भू निवासी बडौत को एक कार व तमंचे आदि के साथ हिरासत मे लेते हुए पूछताछ शुरू की।

पानी चलाने गये किसान को मारी गोली8 Min 3 |
छपार। खेत मे पानी चलाने गया किसान गोली लगने से घायल हो गया। जिसे पुलिस व ग्रामीणो ने उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भिजवाया। जानकारी के अनुसार छपार थाना क्षेत्र के गांव दतियाना निवासी किसान प्रदीप पुत्र बाबूराम अपने खेतो मे काम करने के लिए गया हुआ था। बताया जाता है कि इस दौरान वहां पहुंचे दो अज्ञात लोगो ने उसे गोली मारकर घायल कर दिया और मौके से फरार हो गए। गोली चलने की आवाज से आसपास के खेतो मे काम कर रहे ग्रामीणो मे हडकम्प मच गया और कई ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। ग्रामीणो की सूचना पर घायल प्रदीप के परिजन व पुलिस मौके पर पहुंच गए। आनन-फानन मे ही घायल व्यक्ति को उपचा र के लिए जिला चिकित्सालय भिजवाया गया। इस दौरान ग्रामीणो मे चर्चा रही कि जमीनी रंजिश की वजह से युवक प्रदीप को गोली लगी है। वहीं दूसरी और पुंलिस सूत्रो का कहना है कि पोस्ट मार्टम रिर्पोट व मामले की छानबीन के बाद ही इस सम्बन्ध मे कुछ कहा जा सकेगा।

भव्य कृषि विज्ञान केंद्र चितौड़ा झाल पर बनेगाः बालियान9 Min 1 |
मुजफ्फरनगर। किसानों की कृषि संबंधी समस्याओं को देखते हुए क्षेत्र की चितौड़ा झाल पर भव्य कृषि विज्ञान केंद्र बनेगा। क्षेत्र के किसानों को केंद्रीय राज्यमंत्री संजीव बालियान ने यह जानकारी दी। बताया कि इससे क्षेत्र के किसानों को बहुत फायदा होगा। इस केंद्र के निमार्ण में करीब १५० बीघे जमीन का इस्तेमाल किया जाएगा। भारतीय कृषि अनुसंधान से इसकी स्वीकृति मिल गई है। केंद्रीय राज्यमंत्री संजीव बालियान ने चितौड़ा गंग नहर झाल पर क्षेत्र के किसानों की एक बैठक बुलाई थी। जिसमें उन्होंने बताया कि झाल पर एक विशाल कृषि विज्ञान केंद्र बनाया जाएगा। जिसकी स्वीकृति भारतीय कृषि अनुसंधान से मिल गई है। आगामी १९ मार्च को केंद्र की नींव रखने के लिए यूपी के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही आएंगे। इस विज्ञान केंद्र का निर्माण २०२२ तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि इस केंद्र से क्षेत्र के किसानों को विशेष लाभ होगा। किसान वहां जाकर खेती करने के नए-नए तरीके सीखने के साथ नए-नए किस्म के बीज भी ले सकेंगे। सरकार किसानों की आय दोगुना करने के लिए कृत संकल्प हैं। इसके लिए पैदावार बढ़ाने के लिए वैज्ञानिक तरीके से खेती करना आवश्यक है। खतौली विधायक विक्रम सैनी ने बताया कि सरकार किसानों के लिए कई योजनाएं चला रही है। जिसका लाभ किसानों को लेना चाहिए। किसानों को अपनी आय दोगुनी करने के लिए जरूरी नहीं कि वह फसल के दाम में वृद्धि की जाए। उसके लिए जरूरी है कि फसल की पैदावार को दुगना कर दिया जाए। यह तभी संभव है जब किसान खेती करने का वैज्ञानिक तरीका अपनाएंगे। संजय राठी, विनोद कुमार, नरेंद्र चौधरी, हरेंद्र चौधरी, अमित राठी, चंद्र प्रकाश, अंशुल चौधरी, बिट्टू, ब्रजेश रस्तोगी, आशीष सैनी, राजीव गुप्ता, अंकित, योगेंद्र चौधरी, यजवेंद्र कुमार, खलील अंसारी, राधव आदि मौजूद रहे।

लंबी हो रही विदेश से आने वालों की फेहरिस्त
मुजफ्फरनगर। कोरोना के खौफ के बीच विदेशों से आने वालों की सूची भी लंबी होती जा रही है। ऊपर से सूचना मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग इन लोगों की तलाश में जुट जाता है और इनसे संपर्क कर निगरानी शुरू कर देता है। करीब 23 नए लोगों की सूची आई है, जिनसे संपर्क साधने में अधिकारी जुट गए हैं। विदेश से आने वाले भारतीयों की एयरपोर्ट पर ही जांच हो रही है। मुजफ्फरनगर के काफी लोग दुनिया के विभिन्न देशों में रहते हैं। उनके भारत आते ही एयरपोर्ट से उनकी सूची जिले को भेज दी जाती है। जिले में पहले से ही करीब 61 लोग विदेशों से आए हैं। शनिवार को करीब 23 और लोगों की सूची प्राप्त हुई है। स्वास्थ्य विभाग इन लोगों से संपर्क करने में जुटा है। इनका पता लगते ही 14 दिन तक निगरानी की जाएगी।-जिले में कोरोना का कोई केस नहीं है। जो लोग विदेश से लौटे हैं वे सभी निगरानी में हैं। किसी भी व्यक्ति में वायरस का लक्षण नहीं है। लोग वायरस को लेकर सावधानी बरतें। बार-बार हाथ धोते रहें। भीड़भाड़ में जाने से बचें।
– डा. प्रवीण चोपड़ा, सीएमओ।

जनगणना के साथ एनपीआर भी होगा अपडेट
मुजफ्फरनगर। देश की जनगणना-2021 के साथ राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर (एनपीआर) अपडेट करने का काम भी होगा। सोमवार से इस काम में लगने वाले मास्टर ट्रेनरों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद ये अन्य कर्मचारियों को प्रशिक्षण देंगे। कर्मचारी घर-घर जाकर जानकारी जुटाएंगे। इसमें 14 महत्वपूर्ण प्रश्न होंगे, जिनके अंतर्गत अन्य कुछ बिंदुओं पर भी जानकारी ली जाएगी। जल्द ही जनगणना का काम शुरू होने वाला है। इसके लिए कार्मिकों की तैनाती शुरू हो गई है। जनगणना के साथ ही एनपीआर अपडेट करने का भी काम होना है। देश के महारजिस्ट्रार एवं जनगणना आयुक्त कार्यालय से एनपीआर के संबंध में जरूरी निर्देश जारी कर दिए गए हैं। एनपीआर में सभी सामान्य निवासियों का विवरण दर्ज होगा। चाहे वह भारत का नागरिक हो या गैर नागरिक। मास्टर ट्रेनरों का प्रशिक्षण शुरू हो जाएगा। इसके बाद अन्य कार्मिकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। एनपीआर अपडेट के दौरान कार्मिक घर-घर जाकर परिवारों एवं उसमें शामिल प्रत्येक व्यक्ति की सूचना दर्ज करेंगे। एनपीआर कार्य के अंतर्गत 14 महत्वपूर्ण प्रश्रों को शामिल किया गया है। इनमें कई उप प्रश्न भी शामिल हैं। प्रश्न में व्यक्ति के नाम, पते, वैवाहिक स्थिति, जन्मतिथि, जन्म स्थान, शैक्षिक योग्यता, व्यवसाय, मातृ भाषा, स्थायी निवास का पता, आधार संख्या, मोबाइल नंबर, मतदाता पहचानपत्र आदि से जुड़े होंगे। परिवार के मुखिया के हस्ताक्षर या अंगूठे के निशान लिए जाएंगे। एनपीआर का काम सितंबर 2020 तक पूरा किया जाना है।
जनगणना एवं एनपीआर को लेकर प्रशिक्षण दिए जाएंगे। इसके बाद काम शुरू होगा। मास्टर ट्रेनरों का प्रशिक्षण होना है।
– आलोक कुमार, एडीएम वित्त एवं राजस्व।

युवती का अपहरण, आठ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के गांव निवासी महिला ने तहरीर देकर बताया कि वह गांव में किराए पर रहती है। उसकी 13 साल की बेटी तीन दिन पूर्व घर से दुकान पर गई थी, लेकिन घर नहीं लौटी। तलाश के दौरान पता चला कि गांव का ही आरोपी युवक किशोरी को बाइक से बैठाकर साथ ले गया है। पीड़िता के अनुसार वह आरोपी के घर पहुंची और बेटी के बारे में पूछताछ की, तो उसके परिजनों ने गालीगलौज करते हुए महिला के साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी देकर उसे वहां से भगा दिया। पीड़िता ने आठ लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर किशोरी के अपहरण व मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। युवती से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला निवासी युवती ने मोहल्ले के ही आसिफ उर्फ मोनू पर निकाह का झांसा देकर दुष्कर्म करने और फिर तीन साल से अधिक समय तक शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया था। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी आसिफ उर्फ मोनू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। शनिवार को पुलिस ने आरोपी को उसके घर से ही गिरफ्तार कर लिया, जिसे पूछताछ के बाद जेल भेज दिया गया है।

रेलवे व निगम भी हुए कोरोना वायरस के शिकार
रेलवे को लगा पौने पांच लाख का चूना, परिवहन निगम मुजफ्फरनगर को प्रतिदिन हो रही लाखों की हानि
मुजफ्फरनगर। देश सहित विदेश में महामारी घोषित कर दिये गये कोरोना वायरस का शिकार न केवल इंसान हो रहा है। बल्कि इससे उद्योग जगत सहित अन्य क्षेत्र भी बुरी तरह से प्रभावित हो रहे हैं। कोरोना वायरस के भय के चलते ट्रेनों व बसों में यात्रियों की संख्या में भारी कमी आयी है। इसके चलते दोनों विभाग प्रतिदिन वित्तीय हानि का सामना कर रहे हैं। रेलवे में सबसे अधिक आरक्षण कराने वाले यात्री अपने टिकट रद्द करा रहे हैं जिसके कारण रेलवे को प्रतिदिन हजारों का रिफंड करना पड़ रहा है।
कोरोना वायरस को देश में भी महामारी घोषित कर दिया गया है। इस वायरस के चपेट में इंसान ही नहीं सरकारी व गैर सरकारी विभाग तक भी आ गये हैं। इस वायरस के कारण रेलवे को भी भारी नुकसान प्रतिदिन उठाना पड़ा रहा है। मुजफ्फरनगर रेलवे स्टेशन के सूत्रों का कहना था कि छह दिन की अवधि में रेलवे को यहां पर सबसे अधिक आरक्षण केंद्र पर नुकसान उठाना पड़ रहा है। छह दिन की अवधि में पौने पांच लाख का रिफंड यात्रियों को वापस करना पड़ा है। इसमें सात मार्च को 88500, आठ मार्च को 63800, नौ मार्च को 83000, दस मार्च को 11000, 11 मार्च को 68000, 12 मार्च को 79900 तथा 13 मार्च को 84500 रूपये का अर्थात छह दिन में कुल चार लाख अठत्तर हजार सात सौ रूपये का आरक्षित टिकट रद्द कराने के चलते यात्रियों को रेलवे के द्वारा रिफंड वापस किया गया। बताया गया कि यह सब टिकट लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों के द्वारा रद्द कराये गये हैं। सूत्रों का कहना था कि बिना आरक्षित टिकट की बिक्री पर किसी भी प्रकार का असर नहीं पड़ा है। वहीं दूसरी ओर उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की मुजफ्फरनगर डिपो के स्टेशन प्रभारी राजकुमार तोमर ने जानकारी देते हुए बताया कि कोरोना वायरस के प्रभाव के चलते बसों में यात्रियों की संख्या हाल ही में अन्य दिनों के मुकाबले आधी रह गयी है। डिपो की औसतन आय प्रतिदिन 23 से 25 लाख के बीच होती है। अब यह लगभग आधी रह गयी है। उन्होंने बताया कि इस वायरस को लेकर यात्रियों को सचेत किया जा रहा है।

News-Desk

News Desk एक समर्पित टीम है, जिसका उद्देश्य उन खबरों को सामने लाना है जो मुख्यधारा के मीडिया में अक्सर नजरअंदाज हो जाती हैं। हम निष्पक्षता, सटीकता, और पारदर्शिता के साथ समाचारों को प्रस्तुत करते हैं, ताकि पाठकों को हर महत्वपूर्ण विषय पर सटीक जानकारी मिल सके। आपके विश्वास के साथ, हम खबरों को बिना किसी पूर्वाग्रह के आप तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। किसी भी सवाल या जानकारी के लिए, हमें संपर्क करें: info@poojanews.com

News-Desk has 21325 posts and counting. See all posts by News-Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

2 × two =