Bihar News: अफगानिस्तान में जो काम तालिबान कर रहा है, वही काम भारत में आरएसएस कर रहा है: जगदानंद सिंह
Bihar News : राष्ट्रीय जनता दल के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (RSS) को ही तालिबान कह दिया। अपने तर्क में वे कहते हैं कि अफगानिस्तान में जो काम तालिबान कर रहा है, वही काम भारत में आरएसएस कर रहा है। वह राजधानी पटना में पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे।
इस दौरान उन्होंने कहा कि आरएसएस का गंदा दिमाग यहां की संस्कृति को बांट रहा है। लोगों को हिंसा करने के लिए उकसा रहा है। उनके बयान पर हंगामा मच गया। बयान के बाद मचे हंगामा और विरोधियों के हमले से आरजेडी उनके बचाव में उतर आई। पार्टी प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि जगदानंद सिंह का बयान कहीं से गलत नहीं है। उनके कहने का अर्थ यह है कि आरएसएस भी हमेशा देश में बांटने का काम करता है।
जगदानंद ने कहा कि तालिबान को धार्मिक उन्माद फैलाने के लिए जाना जाता है। बताया कि भारत में आरएसएस भी यही काम कर रहा है। पूछा कि तब तालिबान और आरएसएस में अंतर कहां है? कहा कि “तालिबान एक नाम नहीं बल्कि संस्कृति है जो अफगानिस्तान में है। भारत में आरएसएस तालिबानी है और कुछ नहीं है। दोनों एक ही चीज हैं।” उन्होंने कहा कि “संघ चूड़ी बेचने वालों, पंक्चर बनाने वालों को मारता पीटता है। हमें इन लोगों को रोकना होगा। इनके खिलाफ आगे आना होगा।”
नफ़रती सोच के फ़र्ज़ी राष्ट्रवादी और कट्टर जातिवादी संगठन RSS के तालिबानी लोग गरीब चूड़ी बेचने वाले, ठेला-रेहड़ी लगाने वाले, फेरी लगाने वालों को पींटते है। RSS के तालिबानी लोगों का जोर असहाय-असमर्थ तथा गरीब-मज़लूम लोगों पर ही चलता है।
गरीब का बल
राष्ट्रीय जनता दल https://t.co/33Yrm6mvjq— Rashtriya Janata Dal (@RJDforIndia) September 1, 2021
उनके इस बयान पर हंगामा खड़ा हो गया। भाजपा ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जो जिस माहौल में रहता है, वैसा ही सोचता है। पार्टी प्रवक्ता अरविंद सिंह ने कहा कि “आरजेडी जिस संस्कृति का दल है, उसके शब्द भी वैसे ही निकल रहे हैं। कहा जगदानंद से ऐसी उम्मीद नहीं थी, लेकिन जो जिन लोगों के साथ रहेगा, वह वैसा ही गुण पाएगा।”
सत्ताधारी जदयू के प्रवक्ता अभिषेक झा ने कहा कि “जगदानंद बाबू डिरेल्ड हो गए हैं। लंबे समय से पार्टी में टार्चर किया जा रहा है। कभी तेजस्वी तो कभी तेज प्रताप के कारण टॉर्चर हो रहे हैं। उनकी बयानबाजी इसी का नतीजा है।”
