समाचार
जुआरी के दबोचा
मुजफ्फरनगर।एसएसपी अभिषेक यादव के निर्देश पर सभी थानाप्रभारीयों ने अपराध के खिलाफ लगातार मुहिम छेड़ी हुई है तो वही थाना प्रभारी तितावी गुरचरण सिंह के नेतृत्व में एस आई निरीक्षक तारिक वसीम को एक अच्छी सफ़लता मिली,जुआ खेल रहें जुआरी को किया गिरफ्तार। पकड़े गए आरोपी के खिलाफ तितावी पुलिस ने मुकदमा संख्या ६० / २० धारा ३/४ जुआ अधिनियम में अभियुक्त छोटू कुमार उर्फ नरेंद्र कुमार पुत्र नरेश कुमार निवासी लड़बा को गिरफ्तार कर जेल भेजा।
फसलों को ओलावृष्टि से नुकसान
मुजफ्फरनगर। शुक्रवार को तेज बारिश और ओलावृष्टि से जिले में फसलों को भारी नुकसान हुआ है। सरसों की तैयार फसल पर ओले गिरने से सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। गेहूं, आलू और सब्जी की फसलों को भी नुकसान है। बारिश से शहर की सड़कों पर लोगों का निकलना मुश्किल भरा रहा। सड़के पानी से भरी रही।
भारी बारिश और ओलावृष्टि जिले की जनता के लिए आफत बनकर आई। तेज बारिश, आंधी और ओलावृष्टि से फसलों को भारी नुकसान हुआ है। इससे किसानों का अधिक नुकसान हुआ है। इसी के साथ ओलावृष्टि से गेहूं की फसल को भी नुकसान है। आलू और सब्जी की फसलों को भी आंधी और ओलों से नुकसान हुआ है। उधर, रात में तेज बारिश से शहर की सड़कों पर पानी भर गया। लोगों का सड़कों से निकलना मुश्किल हो गया।
तमंचा फैक्ट्री का भंडाफोड
मुजफ्फरनगर। खतौली पुलिस टीम ने झाडी व ईख से घिरे प्लाट मे चल रही अवैध तमंचा फैक्ट्री का पर्दाफाश करते हुए कई बने व अधबने अस्लहाह, कारतूस व उपकरण सहित एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा कायम कर कार्यवाही सुनिश्चित की।
पुलिस लाईन सभागार मे आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान एसपी सिटी सतपाल अंतिल ने पत्रकारो से वार्ता करते हुए बताया कि एसएसपी अभिषेक यादव के निर्देशो के चलते सघन चैकिंग के दौरान खतौली कोवताली पुलिस ने मुखबीर की सूचना पर क्षेत्र के मीरापुर रोड रामनगर तिराहा के समीप चारो तरफ झाडी व ईख से घिरे हुए प्लाट मे छापामारी कर ग्राम रामनगर निवासी राजवीर पुत्र भंवर सिह को ०५ अदद रायफल मय ०३ जिंदा कारतूस ३१५ बोर , ०२ अदद देशी बन्दूक १२ बोर, ०२ पौनिया १२ बोर, ०७ अदद देशी तमंचे १२ बोर, ०५ अधबने तमंचे ३१५ बोर, ०२ अधबने तमंचे १२ बोर, ०६ अधबनी बैरल ३१५ बोर, १० जिंदा कारतूस १२ बोर, ०१ छोटा पंखा, ०१ खाली पेंट का डिब्बा व भारी मात्रा में शस्त्र बनाने के उपकरण बरामद । एसपी सिटी सतपाल अंतिल ने बताया कि पुलिस टीम ने कुल तैयार 16 अस्लाह बरामद किए हैं। जिनमे कुल 13 अधबने अस्लाह व कुल 13 कारतूस शामिल है।। एसपी सिटी ने बताया कि सीओ खतौली आशीष प्रताप सिह व इंस्पैक्टर संतोष कुमार त्यागी के नेतृत्व मे सघन चैकिंग/छापामारी के दौरान एसएसआई मुकेश कुमार सोलंकी, सब इंस्पैक्टर प्रदीप कुमार चीमा, सब इंस्पैक्टर रईस खान,का.विजय मावी,का.अमित यादव शामिल रहे।
चलाया चैकिंग अभियान
मुज़फ्फरनगर। एसपी सिटी सतपाल अंतिल व सिटी मजिस्ट्रेट अतुल कुमार ने पुलिस बल के साथ जनपद की कचहरी परिसर में सुरक्षा की दृष्टि से सघन चैकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान कचहरी में मौजूद व्यक्तियों की व उनके सामान की तलाशी ली गयी व कचहरी परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को भी चेक किया गया तथा साथ ही वहां मौजूद व्यक्तियों से कचहरी परिसर में कोई भी संदिग्ध व्यक्ति/वस्तु दिखने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की भी अपील की गयी।
सड़क हादसे में मौत
मुजफ्फरनगर। सडक हादसे मे एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्ट मार्टम के लिए मोर्चरी पर भिजवा दिया। जानकारी के अनुसार नगर के मौहल्ला रैदासपुरी निवासी रमेश भारती पुत्र हरेन्द्र बाईक द्वारा सूजडू चूंगी की तरफ कहीं काम से जा रहा था कि सूजडू चूंगी के समीप अज्ञात वाहन की चपेट मे आ जाने से रमेश भारती की मौत हो गई। वहीं आरोप ी अज्ञात वाहन चालक इस हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। इस हादसे पर कुछ लोग मौके पर एकत्रित हो गए। नागरिको ने थाना सिविल लाईन पुलिस को हादसे की सूचना दी। सडक हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक की शिनाख्त कर परिजनो को इससे अवगत कराया। जैसे ही मृतक रमेश के परिवार वालो को उसकी मौत की खबर मिली तो घर मे कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन व पडौसी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने परिजनो की मौजूदगी मे पंचनामा भरकर शव को पोस्ट मार्टम के लिए मोर्चरी पर भिजवा दिया। इस दुखद हादसे से मौहल्लावासियो मे शोक छाया हुआ है।
चैकिंग के दौरान तमंचे सहित पकडा
ककरौली। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक तथा पुलिस अधीक्षक ग्रामीण द्वारा चलाए गए वाहन चेकिंग अभियान के तहत अभियुक्त नसीम पुत्र याकूब निवासी ग्राम संभलहेड़ा थाना मीरापुर जनपद मुजफ्फरनगर को एक तमंचा ३१५ बोर एक जिंदा कारतूस ३१५ बोर के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है।
सांस्कृतिक कार्यक्रम 14 मार्च को
शाहपुर। राज एकेडमी के प्रबन्धक अरविन्द गुप्ता ने जारी प्रेस विज्ञप्ति मे अवगत कराया कि शाहपुर कन्या इण्टर कॉलेज के संस्थापक स्व.डा.राजपाल गुप्ता की पुण्य स्मृंति में आगामी 14 मार्च 2020 को मेन रोड स्थित राज एकेडमी प्रांगण मे सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होगा। कार्यक्रम मे मुख्य अतिथि के रूप मे रोटरी क्लब चैम्बर के अध्यक्ष रो.मधुसूदन बंसल मौजूद रहेंगे। तथा विशिष्ट अतिथि के रूप मे शाहपुर नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमेश सैनी,महिला आयोग की पूर्व सदस्य श्रीमति गीता जैन, सुनील अग्रवाल व दिनेश गर्ग आदि उद्यमी सम्मलित होंगे।
गौमांस व उपकरण सहित दबोचा
मुजफ्फरनगर। पुलिस ने गौकशी करते दो आरोपियो को गौमांस व उपकरणो सहित गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पकडे गए आरोपियो को जेल भेजने की तैयारी मे जुट गई।
एसएसपी अभिषेक यादव के निर्देशो के चलते अपराधो पर अंकुश लगाने तथा विभिन्न मामलो मे वांछित आरोपियो की गिरफ्तारी के लिए चल रहे अभियान विशेष के तहत इन्सपैक्टर कोतवाली अनिल कप्परवान के निर्देशन मे क्षेत्र मे गश्त के दौरान कोतवाली पुलिस ने मुखबीर की सूचना पर शामली बाईपास रोड पर नदी के पुल के समीप जंगल मे गौकशी की सूचना पर की गई छापामारी के दौरान गांव सूजडू के मौहल्ला दीन मौहम्मद निवासी फैययाज पुत्र मीर अहमद व शमीम पुत्र बुन्दु को करीब 95 किलोग्राम गौमांस व छुरी,तमंचा व उपकरण आदि के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पकडे गए अभियुक्तों के खिलाफ गौ हत्या निवारण अधिनियम 3,5,8 सीएस एक्ट व धारा 3/25?4/25 के अर्नगत मामला कायम किया है। इस दौरान सब इस्पैक्टर रविशंकर पाण्डेेेय व सब इंस्पैक्टर देवकी नन्दन आदि शामिल रहे।
जहरीले पदार्थ का सेवन
मुजफ्फरनगर। अज्ञात कारणो के चलते एक महिला ने घर मे रखे जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। जिससे उसकी हालत बिगड गई। जानकारी के अनुसार नगर के मौहल्ला मिमलाना रोड निवासी नाजमा नामक महिला ने घर मे रखे जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। जिससे उक्त महिला की हालत बिगड गई।
जल निकासी की मांग को सौंपा ज्ञापन
मुजफ्फरनगर।प्राप्त समाचार के अनुसार मिमलाना रोड वासियों ने मिमलाना रोड से न्याजुपुरा को जोड़ने वाले मुख्य एकमात्र मार्ग को लेकर प्रदर्शन किया ।इस मार्ग की स्थिति बहुत ही खराब हो चुकी है सड़क में बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं व जल निकासी न होने के कारण प्रतिदिन दुर्घटनाएं हो रही है जिससे लोगों में बीमारियों का प्रकोप बढ़ रहा है वह बच्चे ओर लोगों में गंभीर बीमारी जैसे स्वाइन फ्लू मलेरिया व कोरोना वायरस को लेकर भय बना हुआ है।मोहल्ले वासियों ने की अभी कुछ समय पहले वसीम नामक मूल निवासी का गड्ढे में गिरने से पैर टूट गया था ।
धर्मस्थल मस्जिद में नमाज पढ़ने व स्कूल जाने वाले बच्चों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है क्योंकि किसी भी स्कूल की गाड़ी तो दूर बीमार व्यक्ति के लिए एंबुलेंस भी यहां आने की हिम्मत नहीं जुटा पाती है। इस संबंध में अनेकों बार जिला प्रशासन व नगर पालिका द्वारा निरीक्षण किया गया लेकिन खराब पड़ी सड़कों की स्थिति सुधारने की दिशा में नगर पालिका द्वारा कोई भी सार्थक पहल नहीं की गई इस विषय को लेकर मोहल्ले वासियों में रोष व्याप्त है।इस मौके पर नगर पालिका ईओ विन्यमणि त्रिपाठी को ज्ञापन भी सौंपा गया,जिसमे डॉ फुरकान मलिक,वार्ड मेम्बर सचिन कुमार, डॉ शाहवेज़ राव,नोशाद मलिक,इसरार खान,वसीम खान व समस्त मोहल्ले वासी उपस्थित रहे।
शिवाजी के बताये मार्ग पर चलने का आह्वान
मुजफ्फरनगर। शिवसेना की ओर से तुलसीधाम में छत्रपति शिवाजी की जयंती मनाई गई। वक्ताओं ने कहा कि हिदू उनके जीवन से प्रेरणा लें। हिदुत्व की रक्षा को उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। शिवसैनिकों ने छत्रपति शिवाजी के चित्र पर पुष्प अर्पित किए। शिवसेना के प्रदेश प्रमुख ठाकुर अनिल सिंह ने कहा कि हिदू सम्राट शिवाजी की भांति हिदुत्व की रक्षा के लिए तैयार रहना चाहिए। जिला प्रमुख बिट्टू सिखेड़ा ने कहा कि शिवाजी के पराक्रम और दूरदर्शी सोच के चलते मुगलों को अपने कदम पीछे खींचने पड़े थे। हिदुत्व की रक्षा के लिए उन्होंने कभी समझौता नहीं किया। आज भी इसी विचारधारा की जरूरत है। कार्यकर्ताओं ने वीर शिवाजी के जयकारे भी लगाए। इस दौरान प्रमोद अग्रवाल, तेजपाल सिंह राणा, नवीन कश्यप, बंटी शर्मा, राजीव गर्ग, विनय बिदल, शुभम बाल्मीकी, सचिन त्यागी, नरेश प्रजापति, रोबिन पाल, गौरव सिंह आदि मौजूद रहे।
कमेटी का हो फसलों के नुकसान के आकलन को गठनः टिकैत
मुजफ्फरनगर। भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि प्रदेश में ओलावृष्टि और बारिश से किसानों का भारी नुकसान हुआ है। इसके लिए प्रत्येक जिले में अलग-अलग विभागों के कर्मचारियों की संयुक्त टीम गठित की जाए। राजस्व के साथ कृषि और उद्यान विभाग के कर्मचारियों को भी शामिल किया जाए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लिखे पत्र में राकेश टिकैत ने कहा कि प्रदेश में फसलों के नुकसान का आकलन राजस्व विभाग द्वारा किया जाता है। यह आकलन तथ्यात्मक नहीं होता है। फसलों के उत्पादन व रेट का आंकड़ा कृषि विभाग के पास होता है। बागवानी कि सही जानकारी उद्यान विभाग के पास है। राजस्व का कार्य केवल जमीन का रकबा निर्धारण का होता है। नुकसान के आकलन कि सही जानकारी के लिए सभी विभाग कि सामूहिक कमेटी बनाए जाने कि आवश्यकता है। किसानों के नुकसान के आकलन को कृषि, उद्यान, राजस्व विभाग कि संयुक्त कमेटी बनाकर सभी किसानों का आकलन कर नुकसान कि भरपाई की जाए। उन्होंने कहा कि ओलावृष्टि और बारिश से किसानों का काफी नुकसान हुआ है।
डिफाल्टरों को चिह्नित कर उनके नाम सावर्जनिक करे
मुजफ्फरनगर। आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कचहरी में प्रदर्शन कर कहा कि बैंकों में लोगों का पैसा सुरक्षित नहीं है। यस बैंक में लोगों का पैसा डूब गया है। सरकार बड़े बैंक डिफाल्टरों को चिह्नित कर उनके नाम सावर्जनिक करे तथा उनके पासपोर्ट जब्त किए जाएं। आप कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां लेकर कलक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने कहा कि पार्टी के सांसद संजय सिंह ने राज्यसभा में बैंक डिफाल्टरों पर कार्रवाई ना किए जाने पर केंद्र सरकार से सवाल किया था। उन्होंने मांग की थी कि बैंक डिफाल्टरों के नाम सार्वजनिक किए जाएं और उनके पासपोर्ट जब्त किए जाएं ताकि जनता का पैसा बैंकों में सुरक्षित रहे। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि सरकार ने उचित कदम नहीं उठाया, जिसके चलते यस बैंक में बड़ी संख्या में लोगों का पैसा डूब गया। मांग की कि देश के सभी बैंक लोन लेने वाले अरबपति डिफाल्टरों को चिह्नित कर उनकी पहचान सार्वजनिक की जाए। लोन का पैसा तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाए। डिफाल्टरों को भविष्य में किसी प्रकार का लोन न दिया जाए। आम आदमी का पैसा सुरक्षित होने की गारंटी दी जाए। साथ ही खाते से पैसा निकालने की सुविधा दी जाए। आप कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी को दिया। इस दौरान जिलाध्यक्ष अरविद, कुलदीप तोमर, वसी खैरी, शहजाद नवी, गुफरान आदि मौजूद रहे।
भाकियू कार्यकर्ताओं तथा अधिवक्ताओ के बीच विवाद
मुजफ्फरनगर। भाकियू कार्यकर्ताओं तथा अधिवक्ताओ के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद व हंगामे की खबर पर पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा दोनो पक्षो के बात कर समझौते के प्रयास तेज किए। ताकि यथाशीघ्र मामले का पटाक्षेप हो सके।
मिली जानकारी के अनुसार पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के चलते भाकियू ठाकुर गुट के कार्यकर्ता किसानो से जुडी समस्याओ के समाधान की मांग को लेकर कचहरी स्थित डीएम कार्यालय पर एकत्रित हो धरना प्रदर्शन कर रहे थे। कि इसी बीच किसी बात को लेकर भाकियू कार्यकर्ताओ का एक अधिवक्ता के साथ विवाद हो गया। आरोप है कि भाकियू कार्यकर्ताओं ने उक्त अधिवक्ता के चैम्बर पर बदसूलूकी का प्रयास किया। जिससे साथी अधिवक्ताओ मे रोष बन गया। मामले की जानकारी मिलते ही जिला बार संघ अध्यक्ष श्री काजमी व जिला बार संघ सचिव प्रदीप मलिक आदि भी मौके पर पहुंच गए। हंगामे की सूचना पर एडीएम प्रशासन अमित कुमार, सिटी मजिस्टै्रट अतुल कुमार, एसपी सिटी सतपाल अंतिल,इंस्पैक्टर सिविल लाईन हरसरन शर्मा मय फोर्स के मौके पर पहुंचे। अधिकारियों की मध्यस्तता से किसी प्रकार मामला शान्त हो पाया।
तीन विद्यार्थिया का चयन हुआ
मुजफ्फरनगर। श्रीराम कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट के एम. सी. ए. संकाय के 3 विद्यार्थियों स्नेहा, नितिषा चहल एव चारू गर्ग का बहुराष्ट्रीय कम्पनी एक्सेंचर एवं 1 विद्यार्थी अभिषेक गुप्ता का एच.सी.एल. में कडी प्रतियोगिता में सफल होने के उपरान्त चयन हुआ है।
कम्प्यूटर एप्लीकेशन संकाय के डीन निशांत राठी ने बताया कि चयन की यह प्रक्रिया फरवरी 2020 से प्रारम्भ हुई थी जिसमें फरवरी माह में एच. आर. चरण में साक्षात्कार के लिये एक्सेंचर के गुडगांव स्थित कार्यालय में बुलाया गया। इस चरण में सफल होने के पश्चात् विद्यार्थियो का तकनीकी ज्ञान परीक्षण किया गया। इस चरण में सफल अभ्यर्थियों का विडियों कॉंफ्रेसिंग द्वारा एक्सेंचर के बैंगलोर स्थित ऑफिस से ऑन लाईन परीक्षा लेकर विद्यार्थियों के अंग्रजी भाषा ज्ञान एवं व्याकरण का परीक्षण किया गया, जिसमें तीनो विद्यार्थी सफल रहे। तीनों सफल विद्यार्थियों को एसोसिएट इंजीनियर के पद पर नियुक्ति प्रदान की गयी है। इसी प्रकार अभिषेक गुप्ता भी विभिन्न चरणों से होते हुये बहुराष्ट्रीय कम्पनी एचसीएल में नियुक्ति पाने में सफल रहें। प्रशिक्षण के दौरान ही सभी को अनुमानित 2.5 लाख प्रतिवर्ष का प्रशिक्षण भत्ता दिया जायेगा। चयनित विद्यार्थियों ने इस सफलता का श्रेय ईश्वर, अपने माता-पिता एवं संकाय के अध्यापकगणों को देते हुये कहा कि महाविद्यालय मे शिक्षा के उच्च स्तर, बेहतर शैक्षिक वातावरण, उच्चीकृत पुस्तकालय एवं कम्प्यूटर लैब एवं अध्यापकणो की विषय विशेषज्ञता के कारण ही वह सफल हो पाये है। श्रीराम कॉलेज के निदेशक डा. आदित्य गौतम ने सभी चयनित विद्यार्थियों को बधाई दी तथा उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। कम्प्यूटर एप्लीकेशन संकाय के डीन निशांत राठी ने विद्यार्थियों को नियुक्त पत्र प्रदान करते हुये सभी चयनित विद्यार्थियों को बधाई दी एवं सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होने कहा कि कठोर परिश्रम एवं विषय में दक्षता ही सफलता की कुंजी है। उन्होने इस पूरी प्रक्रिया को निर्देशित करने में संकाय के अध्यापकगण अमित त्यागी, डा. प्रमोद कुमार, नीतू सिंह, श्रीकांत सिंह, विकास कुमार, संजयकान्त त्यागी, हिमांषु होरा, श्रीला पारिख का मुख्य रूप से आभार व्यक्त करते हुयें संकाय के सभी अध्यापकगणो को उनके परिश्रम के परिणाम के लिये बधाई दी।
इस अवसर पर कम्प्यूटर एप्लीकेशन संकाय के प्रवक्ता प्रवीण कुमार, अमित कुमार, अंकुर कुमार, मो. युसुफ, सिद्धांत गर्ग, नीतिन त्यागी, रिषु जैन, अनुज कुमार, योगेन्द्र कुमार, विनीत कुमार, हंस कुमार, मनोज पुण्डीर एवं दिनेश यादव आदि मौजुद रहे।

