Taliban का राज आते ही ड्राईफ्रूट्स के दाम छूने लगे आसमान
मुजफ्फरनगर। अफगानिस्तान में Taliban का राज आते ही ड्राईफ्रूट्स के दाम आसमान छूने लगे हैं। बादाम के दामों में करीब दोगुने तक की बढ़ोतरी हुई है। वहीं, मुनक्का, अंजीर और खुमानी के दाम भी करीब 20 फीसदी तक बढ़ गए हैं।
जनपद में नवीन मंडी स्थल से ड्राईफ्रूट्स का कारोबार होता है, जहां अधिकांशतः दिल्ली से माल आता है। कारोबारियों ने बताया कि ड्राईफ्रूट्स में अधिकांश बादाम अफगानिस्तान से आयात किया जाता है, इसके साथ ही मुनक्का, अंजीर और खुमानी भी वहीं से देश में बहुतायत में आता है।
पिछले एक सप्ताह में अफगानिस्तान में हुई उथल-पुथल और फिर सत्ता हस्तांतरण में तालिबान राज दोबारा लौटने से देश में ड्राईफ्रूट्स के दाम पर इसका प्रत्यक्ष असर पड़ा है।
कारोबारियों के अनुसार केंद्र सरकार द्वारा अफगानिस्तान से आयात-निर्यात बंद किए जाने की अफवाह के चलते दिल्ली से ही वहां से आयात होने वाले बादाम, अंजीर व मुनक्का के दामों में जबरदस्त तेजी दर्ज की गई है। अंजीर व मुनक्का के दाम में भी करीब 20 फीसदी तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

