Muzaffarnagar News: तपती गर्मी से राहगीर परेशान, भीड़भाड़ वाली सड़कों पर सन्नाटा पसरा
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) लगातार बढ़ती गर्मी के चलते दिन में ऐसा मौसम रहा जैसे आसमान से आग बरस रही हो। दोपहर १२ बजे से शाम पांच बजे तक आम आदमी का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया। अधिकतम तापमान ४२ डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।
उधर मंगलवार होने की वजह से साप्ताहिक अवकाश में दुकाने बंद रही साथ ही दोपहर के समय आवाजाही न के बराबर रही। जरूरी कामकाज के लिए निकले लोगों को भी ऐसा लग रहा था कि मानो आसमान से आग के गोले बरस रहे हो। मंगलवार को भीषण गर्मी से लोग बिलबिला गए। चोरों ओर त्राहिमाम रहा।
लू के थपेड़ों के कारण भीषण गर्मी से सड़कों और बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। सूर्य की तपिश से लोग बेहाल रहे। लोग ने घरों से बाहर निकलने से परहेज किया। पिछले एक सप्ताह से गर्मी से लोग हलकान हैं। अधिकतम तापमान ४० डिग्री सेल्सियस से अधिक पहुंच रहा है। गर्मी बढ़ने के साथ ही विद्युत लोड बढ़ रहा है, जिससे मशीनरी गर्म होने से विद्युत कट भी बढ़ रहे हैं।
कई स्थानों पर विद्युत लोड बढ़ने के कारण ट्रांसफार्मर से धुआं उठता रहता है। तेज धूप और गर्मी राहगीरों, खेतों में काम करने वाले किसान व मजदूरों को झुलसने को मजबूर कर रही हैं। दोपहर में भीषण गर्मी के कारण जीटी रोड, जानसठ रोड, रेलवे रोड, महावीर चौक जैसे भीड़भाड़ वाली सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा।
दोपहरी में बहुत कम संख्या में ग्राहक बाजारों में नजर आए। बाइक, स्कूटी व साइकिल आदि दोपहिया वाहनों या पैदल चलने वाले चेहरे को कपड़े से ढंककर तथा आंखों पर चश्मा लगाकर चल रहे हैं। लोगों ने गर्मी के कारण दोपहर में घरों से निकलने से परहेज किया। गर्मी बढ़ने से कूलर और पंखे भी काम नहीं कर रहे हैं।
साथ ही कस्बों में खतौली के बिद्दीबाड़ा, बड़ा बाजार, घंटाघर, अशोका मार्केट आदि बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। दोपहर के समय जीटी रोड पर एकदम सन्नाटा सा नजारा देखने को मिला। दूर तक भी कोई व्यक्ति सड़क पर नजर नहीं आया।
इसके अलावा मुजफ्फरनगर जिला एक बार फिर से भीषण गर्मी की चपेट में आ गया है। एक जून से तापमान लगातार ४० डिग्री से ऊपर चल रहा है। तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है। एक जून को जहां ४०.५ डिग्री सेल्सियस पर था, दो जून को यह ४०.७ डिग्री पर पहुंच गया। तीन जून को ४१.२ और चार जून को सीधे ४२ डिग्री पर पहुंच गया।
तापमान के ४२ डिग्री पर जाने से दिन में ऐसा लगा जैसे आग बरस रही हो। दिन में १२ से पांच बजे तक सड़क पर निकलना मुश्किल रहा। लोग मजबूरी में ही घरों से बाहर निकले। अत्यधिक गर्मी के कारण कई जगह सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। बाजारों में सुबह और शाम को ही भीड़ रही। अधिक गर्मी के कारण दिन में यातायात व्यवस्था भी प्रभावित रही। रोडवेज बसों में दोपहर में बहुत कम यात्री दिखाई दिए।